बीच हवा में मचाया उत्पात, लंदन जा रहा विमान लौटा

यात्री को उतारा, फिर भरी उड़ान

नई दिल्ली। एयर इंडिया के दिल्ली से लंदन जा रहे एक विमान को उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही राजधानी वापस लौटना पड़ा। एयर इंडिया ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि यात्री एयर इंडिया के केबिन क्रू सदस्यों के साथ बीच हवा में लड़ने लगा। अधिकारियों ने बताया कि यात्री को उसके व्यवहार को लेकर कई बार चेतावनी दी गई लेकिन वो नहीं माने। रिपोर्ट के मुताबिक, यात्री ने केबिन क्रू के दो सदस्यों को शारीरिक चोट भी पहुंचाई। इस वजह से विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट लौटना पड़ा।

केबिन क्रू सदस्यों को शारीरिक चोट पहुंचाने के आरोप में यात्री को सोमवार सुबह दिल्ली में विमान से उतार दिया गया। लंदन के लिए उड़ान भरने के तुरंत बाद यात्री को उतारने के लिए फ्लाइट बीच रास्ते से राष्ट्रीय राजधानी लौट आया। एयरलाइन ने बताया कि फ्लाइट एआई 111 दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरी और यात्री को सुरक्षा कर्मियों के हवाले कर दिया गया। साथ ही पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

दो सदस्यों को शारीरिक चोट

एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि यात्री को मौखिक और लिखित रूप में चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने चेतावनी को अनसुना कर दिया और अमर्यादित व्यवहार करता रहा। उसने केबिन क्रू के दो सदस्यों को शारीरिक चोट पहुंचाने का भी प्रयास किया। फ्लाइट ने लंदन हीथ्रो के लिए उड़ान भरी थी जो यात्री के गंभीर अमर्यादित अशिष्ट व्यवहार के कारण उड़ान भरने के तुरंत बाद राष्ट्रीय राजधानी लौट आया। कमान संभाल रहे पायलट ने दिल्ली एयरपोर्ट लौटने का फैसला किया।

225 यात्री थे सवार

विमान में करीब 225 यात्री सवार थे। विमान ने सुबह करीब 6 बजकर 35 मिनट पर राष्ट्रीय राजधानी से उड़ान भरी थी। तुरंत बाद ही आरोपी यात्री तथा चालक दल के दो सदस्यों के बीच विवाद हुआ। उन्होंने बताया कि इसके बाद विमान दिल्ली की ओर वापस मुड़ा और सुबह करीब 9 बजकर 40 मिनट पर यहां उतरा। सूत्रों ने बताया कि एयरलाइन ने कहा कि एअर इंडिया में सवार सभी लोगों के लिए सुरक्षा, रक्षा और उनका सम्मान हमारे लिए महत्वपूर्ण है। हम प्रभावित चालक दल के सदस्यों को हर संभव सहयोग कर रहे हैं।

000

प्रातिक्रिया दे