— हिंसा थम नहीं रही, बिहार में केंद्र भेजेगा अतिरिक्त अर्धसैनिक बल
पश्चिम बंगाल और बिहार में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को बिहार में हिंसा से एक युवक की मौत के बाद रविवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में आज फिर हिंसा भड़क उठी। यह वाकया उस वक्त हुआ जब भाजपा रामनवमी के थीम पर जुलूस निकाल रही थी। इधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बिहार के राज्यपाल से बात की। इस बीच खबर है कि बिहार में हालात पर काबू पाने केंद्रीय गृह मंत्रालय अतिरिक्त अर्धसैनिक बल भेजेगा।
—
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के हुगली में आगजनी और हिंसा की खबरें आ रही हैं। जानकारी के मुताबिक, हुबली के रिशरा में रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हिंसा भड़की है। यह भी बताया जा रहा है कि भाजपा नेता दिलीप घोष के काफिले पर पत्थरबाजी भी की गई है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने बताया कि शोभा यात्रा के दौरान महिलाओं और बच्चों पर पथराव किया गया। हावड़ा हिंसा के बाद भी राज्य सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पथराव किया जा रहा है और वाहनों में तोड़फोड़ की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज कई जगहों पर शोभायात्रा निकाली गई, शोभायात्रा शांतिपूर्ण तरीके से हो रही थी। अचानक से किसी मोहल्ले से पत्थरबाजी की गई। गाड़ी के शीशे टूटे, लोगों को चोटें आई, पुलिसकर्मियों को भी चोट आई। बम की आवाज आई, मैंने हमारे लोगों से कहा शांति बनाए रखें, पुलिस सब देख रही है। इससे पहले 30 मार्च को राम नवमी के अवसर पर शोभा यात्रा के दौरान पश्चिम बंगाल के हावड़ा में हिंसा भड़क गई थी। जिसमें दो समुदाय आमने सामने आ गए थे और जमकर पत्थरबाजी और आगजनी हुई थी। इसके अगले दिन यानी 31 मार्च को भी हावड़ा से हिंसा की खबरें आई थीं। इस दौरान हावड़ा के शिवपुर में पथराव हुआ था।
–
हावड़ा में रही शांति
हुगली से करीब 40 किमी दूर हावड़ा में आज शांति रही। पुलिस ने बताया कि इलाके में दुकानें खुली रहीं और हालात नियंत्रण में थे। सुबह से लोगों का आना-जाना भी शुरू हो गया था। यहां पर गुरुवार को रामनवमी जुलूस के दौरान काजीपारा इलाके दो गुटों के बीच हिंसा भड़क उठी थी। तब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस हिंसा के पीछे भाजपा और अन्य हिंदू गुटों के होने का आरोप लगाया था। वहीं, भाजपा ने आरोपों से इंकार किया था और मामले में एनआईए से जांच की मांग की थी।
–
बिहार का हाल
बिहार में अब तक 106 गिरफ्तार
गृह मंत्रालय द्वारा भेजे जा रहे अतिरिक्त अर्धसैनिक बल मंगलवार को बिहार पहुंच जाएंगे। राज्य पुलिस के साथ सहयोग करके शांति स्थापित करेगी। वहीं बिहार पुलिस के मुताबिक हिंसा में अब तक कुल 106 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिसमें बिहार शरीफ से 80, सासाराम से 26 लोग शामिल हैं। बता दें, बिहार के नालंदा में हालात इस तरह बिगड़े कि प्रशासन को इंटरनेट पर पाबंदी लगानी पड़ी। वहीं सासाराम में उपद्रव के चलते बीते दिनों 30 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। रामनवमी के दिन सासाराम में शोभायात्रा निकालने के दौरान दो गुटों में मारपीट हुई थी।
—
सासाराम में बम बनाने वाले ही घायल
रोहतास के सासाराम में एक अप्रैल को हुए विस्फोट के लेकर बिहार पुलिस ने ट्वीट कर जानकारी दी। शाम 9 बजे 6 व्यक्तियों के जख्मी होने की सूचना के सत्यापन के दौरान पाया गया है कि वे अवैध विस्फोटक हैंडलिंग के दौरान स्वयं घायल हुए थे। घटना स्थल एक निजी मकान का अहाता है, जहां फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। 2 गिरफ्तारी की गई है। बल दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त हैं। अफ़वाह पर ध्यान न दें। पुलिस ने बताया कि विस्फोट होने की जगह से एक स्कूटी भी बरामद की गई है।
—
—
शाह बोले-…तो दंगाइयों को उल्टा लटका देंगे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार की महागठबंधन सरकार पर तुष्टीकरण की राजनीति करने और राज्य को अराजकता में धकेलने का आरोप लगाया। एक जनसभा में शाह ने बिहारशरीफ और सासाराम में सांप्रदायिक हिंसा की जांच करने में विफल रहने के लिए राज्य सरकार की आलोचना की। जोर देकर कहा कि अगर मोदी 2024 में सत्ता में लौटे और भाजपा ने राज्य में अगली सरकार बनाई, तो दंगाइयों को उल्टा लटका दिया जाएगा। उन्होंने जद (यू) और राजद पर अल्पसंख्यकों के तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि इसने देश में आतंकवाद को फलने-फूलने में मदद की। शाह ने जद (यू) के वरिष्ठ नेता नीतीश और राजद प्रमुख लालू प्रसाद के बीच यह कहकर दरार पैदा करने की भी कोशिश की कि लालू प्रसाद को याद रखना चाहिए कि मोदी के सत्ता में लौटने के बाद, नीतीश उनके बेटे तेजस्वी यादव को राज्य की बागडोर सौंपने के अपने वादे से पीछे हट जाएंगे।
000

