- कार चलाकर कई इलाकों का लिया जायजा
(फोटो – पुतिन)
मास्को। रूस और यूक्रेन की जंग के बीच ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अचानक यूक्रेन के मारियुपोल पहुंच गए। खबरों के मुताबिक पुतिन हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचे और फिर उन्होंने खुद कार ड्राइव करके कई जगहों का दौरा किया है। इस दौरान पुतिन ने कार रोककर मारियुपोल के नागरिकों से भी बात की। मारियुपोल पर रूस की सेना ने मई 2022 से ही कब्जा किया हुआ है। रूसी राज्य मीडिया से रविवार को मिली जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मारियुपोल का औचक दौरा किया। युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन के डोनबास क्षेत्र के रूसी कब्जे वाले क्षेत्रों में रूसी राष्ट्रपति की पहली यात्रा होगी। इस शहर पर रूसी सेना ने पूरी तरह से कब्जा कर रखा है। यूक्रेन के डोनेट्स्क राज्य में पड़ने वाले इस शहर पर पिछले साल मई से रूस का कब्जा है। रूसी मीडिया ने बताया कि मारियुपोल के नेवस्की जिले में पुतिन एक परिवार से मिलने गए। इंटरफैक्स एजेंसी ने क्रेमलिन की प्रेस सेवा का हवाला देते हुए कहा कि राज्य के प्रमुख ने यॉट क्लब, थिएटर बिल्डिंग, शहर के यादगार स्थानों के क्षेत्र में मारियुपोल के तट की भी जांच की।
पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट
रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को एक साल से ज्यादा का समय हो चुका है। यूक्रेन के कई शहर पूरी तरह से तबाह हो चुके हैं। रूस पर दुनियाभर के कई देशों ने कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (ICC) ने यूक्रेन में युद्ध अपराधों के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट तक जारी कर दिया है लेकिन इन सबके बावजूद पुतिन पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। रविवार को पुतिन अचानक से यूक्रेन के मारियुपोल शहर पहुंच गए।
—
000

