चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू 1 अप्रैल को जेल से बाहर आ सकते हैं। रोडरेज की घटना में नवजोत सिंह सिद्धू ने एक बुजुर्ग को मुक्का मार दिया था, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। इसी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सिद्धू को एक साल कैद की सजा सुनवाई थी। 1988 के इस मामले में लंबी चली सुनवाई के बाद नवजोत सिंह सिद्धू को यह सजा मिली थी। सजा मिलने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू लगातार जेल में ही रहे और एक भी छुट्टी नहीं ली। इसी का फायदा उन्हें मिलेगा और अब वह जेल से बाहर आने वाले हैं। इससे पहले उनकी 26 जनवरी को ही रिहाई की उम्मीद जताई जा रही थी। इसके पीछे उनके अच्छे बर्ताव को वजह माना जा रहा था। लेकिन प्रदेश की आम आदमी पार्टी सरकार ने उनके नाम पर विचार ही नहीं किया। नवजोत सिद्धू 20 मई 2022 को जेल गए थे, लेकिन उन्हें रिहाई के लिए 19 मई 2023 तक इंतजार नहीं करना होगा। जेल नियमों के अनुसार कैदियों को हर महीने 4 दिन की छुट्टी दी जाती है, लेकिन सिद्धू ने इस दौरान एक दिन भी छुट्टी नहीं ली। इस लिहाज से उनकी सजा 48 दिन पहले मार्च के आखिर तक पूरी हो जाएगी और वह 1 अप्रैल को बाहर आ सकते हैं।
000

