—-देशभर में प्रदर्शन, छत्तीसगढ़ में सीएम भूपेश ने केंद्र को जमकर कोसा
इंट्रो
कांग्रेस ने अदाणी समूह से जुड़े मामले पर मोदी सरकार की ‘चुप्पी’ के खिलाफ सोमवार को देशव्यापी प्रदर्शन किया और राजभवनों की तरफ कूच किया। इस दौरान कहीं-कहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस ने झड़प भी हुई। दूसरी ओर, संसद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकतंत्र संबंधी टिप्पणी के मुद्दे को उठाने और उनसे माफी मांगने की मांग को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर पलटवार किया और कहा कि लोकतंत्र को कुचलने वाले लोग इसे बचाने की बात कर रहे हैं।
मोदी सरकार की ‘चुप्पी’ पर कांग्रेस का हल्ला बोल
–कहीं पानी की बौछारें, कहीं हिरासत में लिए गए कार्यकर्ता
नई दिल्ली। कांग्रेस ने अडाणी समूह से जुड़े मामले पर मोदी सरकार की ‘चुप्पी’ के खिलाफ सोमवार को देशव्यापी प्रदर्शन किया और राजभवनों की तरफ कूच किया। लखनऊ में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजलाल खाबरी की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने राजभवन की तरफ मार्च भी किया। कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भोपाल में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी का कहना है कि नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस ने पानी की बौछार की। जम्मू में कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वकार रसूल वानी ने विरोध प्रदर्शन की अगुवाई की। वानी तथा पार्टी के कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अडाणी समूह से जुड़े मामले और इस केंद्रशासित प्रदेश के प्रशासन की कथित जनविरोधी नीतियों को लेकर यहां प्रदर्शन किया और राजभवन की तरफ मार्च निकालने की कोशिश की, हालांकि पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। हिमाचल प्रदेश में राज्य कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को ज्ञापन सौंपा। असम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा की अगुवाई में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजभवन की तरफ बढ़ने का प्रयास किया, हालांकि पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
—
चंडीगढ़ में पानी की बौछारें
चंडीगढ़ में पंजाब प्रदेश कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की अगुवाई में पार्टी ने प्रदर्शन किया। उन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारें कीं। कई अन्य प्रदेशों में भी कांग्रेस ने अडाणी समूह के मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
—
मध्य प्रदेश में पुलिस से झड़प
भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं जैसे ही राजभवन का घेराव करने के लिए निकले पुलिस ने उन्हें रंगमहल के नजदीक ही बैरिकेड लगाकर रोक दिया। इससे पुलिस से झड़प हो गई। इस बीच कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने पानी की बौछारों से उन्हें खदेड़ दिया।
–
‘हिंडनबर्ग रिसर्च’ की रिपोर्ट
कांग्रेस अमेरिकी वित्तीय शोध संस्था ‘हिंडनबर्ग रिसर्च’ की रिपोर्ट आने के बाद से अदाणी समूह और प्रधानमंत्री पर लगातार हमले कर रही है। उल्लेखनीय है कि हिंडनबर्ग रिसर्च ने अदाणी समूह के खिलाफ फर्जी तरीके से लेन-देन और शेयर की कीमतों में हेर-फेर सहित कई आरोप लगाए थे। अदाणी समूह ने इन आरोपों को झूठा करार देते हुए कहा था कि उसने सभी कानूनों और प्रावधानों का पालन किया है।
999
संसद में ‘राहुल माफी मांगो’ के नारे
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारत के लोकतंत्र के बारे में लंदन में दिए गए बयान को लेकर में लोकसभा में सोमवार को भारी हंगामा हुआ। सत्ता पक्ष के सदस्यों ने लोकसभा अध्यक्ष से मांग की कि वे कांग्रेस सांसद को सदन में आकर क्षमा याचना के लिए निर्देश दें। भाजपा के कई सांसद ‘राहुल गांधी माफी मांगो’ के नारे लगाने लगे। वहीं, कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों के सदस्य आसन के समीप आकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इधर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीआरएस, वाम दलों और आप सहित अन्य विपक्षी दलों के सांसदों के साथ संसद भवन परिसर से विजय चौक तक विरोध मार्च निकाला और आरोप लगाया कि देश में कानून का कोई शासन नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को ‘तानाशाह’ की तरह चला रहे हैं। राहुल गांधी ने लंदन में भारत के लोकतंत्र पर टिप्पणी की थी। इसके बाद भाजपा ने इसे कथित तौर पर देश को विदेशी धरती पर बदनाम पर बदनाम करने का आरोप लगाया था और राहुल के खिलाफ आक्रामक अभियान शुरू किया था। जिसके बाद विरोध मार्च निकाला गया था। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, संसद दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई क्योंकि सरकार नहीं चाहती कि काम हो। पूरी तरह से फर्जी रास्ता अपनाया गया है ताकि पीएम से जुड़े अडाणी महाघोटाले में जेपीसी के लिए विपक्ष की संयुक्त मांग से ध्यान हटाया जा सके। उन्होंने कहा, कांग्रेस अदाणी मामले में जेपीसी गठित करने, जांच एजेंसियों के दुरुपयोग और कई अन्य विषय उठाती रहेगी। दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी ब्रिटेन यात्रा के दौरान ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ की तरह बात की। सिंह ने कहा, उन्होंने (राहुल ने) संसद में बहुत कुछ बोला है, लेकिन लंदन में उन्होंने कहा कि उन्हें बोलने की अनुमति नहीं दी जाती है और माइक बंद कर दिया जाता है। मुझे लगता है कि यह लोकतंत्र पर हमला है तथा लोकसभा एवं देश का अपमान है। उन्होंने कहा, लोकसभा अध्यक्ष को इसके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। यह बयान देश का अपमान है।
राजनाथ बोले-भारत को बदनाम करने की कोशिश
इस बीच, रक्षा मंत्री एवं सदन के उपनेता राजनाथ सिंह ने कहा, राहुल गांधी, जो इस सदन के सदस्य हैं, ने लंदन में जाकर भारत को बदनाम करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कहा है कि भारत में लोकतंत्र पूरी तरह से तहस नहस हो गया है। विदेशी ताकतों को आकर लोकतंत्र को बचाना चाहिए। सिंह ने कहा, उन्होंने (राहुल गांधी ने) भारत की गरिमा पर, भारत की प्रतिष्ठा पर गहरी चोट पहुंचाने की कोशिश की है।
–
000

