वृंदावन में फूलों की होली, विदेशी श्रद्धालु भी उत्सव के बने साक्षी

  • होली गीतों से गूंजा श्रीधाम

-श्रीकृष्ण की लीला नगरी में आए 32 देशों से विदेशी भक्त

नई दिल्ली। श्रीकृष्ण की लीला नगरी श्रीधाम वृंदावन में चहुंओर होली पर्व की धूम मची हुई है। ब्रज की होली का आनंद लेने के लिए विदेशी सैलानी भी पहुंचे हैं। वृंदावन के समीपवर्ती गांव कीकी का नगला में शनिवार की दोपहर फूलों की होली खेली गई। इस होली के विदेशी भक्त भी साक्षी बने। इंग्लैंड, रूस, यूक्रेन सहित 32 देशों से आए विदेशी भक्तों ने डीजे की धुन और भजनों पर जमकर डांस किया। एक-दूसरे पर फूल डालकर जमकर होली खेली।

विदेशी भक्त रामदास ने गाए भजन

दोपहर लगभग 12 बजे हरिनाम संकीर्तन और होली के गीतों के साथ आयोजन की शुरुआत हुई। गायक भी विदेशी भक्त रामदास थे। उन्होंने एक के बाद एक होली के भजन और गीत प्रस्तुत किए तो विदेशी महिलाएं नृत्य करने से पीछे नहीं रहीं। रामा फार्म में होली महोत्सव की अनुपम छटा देखते ही बन रही थी। जहां एक को देशी भक्त होली की मस्ती में सराबोर थे तो विदेशी कृष्ण भक्तों के साथ जर्मनी के रहने वाले स्वामी विश्वानंद महाराज भी फूलों की होली खेलते नजर आए।

संस्कृति को बंधनों में नहीं बांधा जा सकता

समारोह में आध्यात्मिक गुरु स्वामी विश्वानंद महाराज ने कहा कि हिंदू धर्म एवं संस्कृति को बंधनों में नहीं बांधा जा सकता है। आज भी भारत के प्रति विदेशियों की दीवानगी इस बात को प्रमाणित करती है कि भारत आज भी विश्व गुरु है और सदा रहेगा। इस दौरान, डॉ. स्वामी महंत सत्यनारायण दास मौजूद थे।

प्रातिक्रिया दे