उज्जैन। मध्य प्रदेश के संस्कृति विभाग द्वारा उज्जैन में तीन दिवसीय रामकथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसे कवि कुमार विश्वास अपने उद्बोधन के माध्यम से सुना रहे हैं। कुमार विश्वास राम कथा के पहले दिन ही विवादों में घिर गए। राम कथा के दौरान कुमार विश्वास ने आरएसएस और वामपंथी दल पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा, जहां वामपंथी कुपढ़ है, वहीं संघ अनपढ़ है। इस बयान को लेकर भाजपा और संघ के नेताओं ने कुमार विश्वास पर हमला बोला है। दरअसल, कुमार विश्वास ने यह बात बजट पर टिप्पणी करते हुए कही। कुमार विश्वास की इसी बात को लेकर भाजपा ने विरोध प्रदर्शन किया और कार्यक्रम के पोस्टर फाड़ दिए। सोनू गहलोत ने कहा कि संगठन के एक स्वयंसेवक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में विश्व में भारत का मान बढ़ा रहे हैं। उज्जैन की बात करें तो राजाभाऊ महाकाल संघ के स्वयंसेवक गोवा में जाकर अपने प्राणों की आहुति देते हैं। कई स्वयंसेवकों ने इस मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना जीवन दान किया है, उनके बारे में यदि कुमार विश्वास कोई टिप्पणी करते हैं तो हम इसकी निंदा करते हैं। सोनू ने कहा कि कुमार विश्वास 2015 से पहले राम का नाम भी नहीं लेते थे। व्यावसायिक मानसिकता अपनाकर कुमार विश्वास ने भगवान राम पर बोलना शुरू किया है। भगवान राम के बारे में बोलें, रामकथा का वाचन करें, यह अच्छी बात है, लेकिन उसकी आड़ में सांस्कृतिक संगठन के बारे में अनर्गल टिप्पणी करते हैं तो पूरा हिंदू समाज उसे बर्दाश्त नहीं करेगा। उज्जैन नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष सोनू गहलोत ने कहा कि कुमार विश्वास ने 100 साल पहले बने संगठन पर अनर्गल टिप्पणी की है। हम इसका घोर विरोध करते हैं। चेतावनी देते हैं कि यदि इस बात को लेकर माफी नहीं मांगी तो आज और कल होने वाला कार्यक्रम रोक देंगे। पूरे हिंदू समाज में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है।
–
भाजपा भड़की, कहा- कथा करो प्रमाण पत्र मत बांटो
कुमार विश्वास का वीडियो वायरल होने के बाद मध्य प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता राजपाल सिसोदिया ने कहा- कथा करने आए हो कथा करो, प्रमाण पत्र मत बांटो श्रीमान।
—
कुमार बोले- लोगों ने गलत समझा
कुमार विश्वास ने कहा कि शिप्रा के तट पर उज्जैनी में खराब स्वास्थ्य के बावजूद महाकाल की कृपा से मैं रामकथा और उसकी प्रासंगिकता पर बोल सका। कथा प्रसंग में मेरे कार्यालय में काम करने वाले एक बालक के विषय में मैंने एक टिप्पणी की, जो संयोग से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में काम करता है, पढ़ता लिखता कम है, बोलता ज्यादा है। मैंने उससे कहा कि तुम पढ़ा करो। तुम पढ़ते नहीं हो। वामपंथी कुपढ़ हैं और तुम अनपढ़ हो। सिर्फ इतनी सी बात मैंने कही, और इसे कुछ लोगों ने ज्यादा फैला दिया। मैंने उस बच्चे से बोला जो आयु में बहुत छोटा बच्चा है।
0000

