सर्जिकल स्ट्राइक पर अब राशिद अल्वी ने मांगे सबूत

अल्वी बोले- वीडियो छिपाने की क्या जरूरत

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी

नई दिल्ली। सर्जिकल स्ट्राइक पर कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी जारी है। दिग्विजय सिंह के बाद अब वरिष्ठ नेता राशिद अल्वी ने सरकार से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे हैं। राशिद अल्वी ने कहा कि सरकार के पास अगर सर्जिकल स्ट्राइक के वीडियो हैं तो इसे छिपाने की क्या जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह बीजेपी सरकार पर भरोसा नहीं करते। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि वीडियो नहीं है तो सरकार माफी मांगे।

बता दें कि इससे पहले कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ को लेकर अपनी टिप्पणी की वजह से अपनी ही पार्टी और विपक्षी दलों के निशाने पर आ गए थे। अल्वी ने कहा कि सेना ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया था कि हमारे पास वीडियो है। ये बयान सरकार का है कि उनके पास वीडियो है।

दावे वाला वीडियो दिखाए सरकार

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा, हमें अपने सुरक्षा बलों पर भरोसा है लेकिन बीजेपी सरकार पर भरोसा नहीं कर सकते। सरकार का कहना है कि उसके पास (सर्जिकल स्ट्राइक का) वीडियो है तो इसमें क्या गलत है कि दिग्विजय सिंह सरकार से इसे दिखाने के लिए कह रहे हैं? हम (स्ट्राइक का) सबूत नहीं मांग रहे हैं, लेकिन सरकार को वह वीडियो दिखाना चाहिए जिसका वह दावा करती है।

दिग्विजय सिंह ने क्या कहा था?

कांग्रेस के सीनियर नेता दिग्विजय सिंह ने सोमवार को कहा था कि केंद्र की मोदी सरकार सर्जिकल स्ट्राइक की बात करती है लेकिन, प्रमाण नहीं देती है। उन्होंने कहा कि आज तक संसद के समक्ष 2016 के सर्जिकल स्ट्राइक या 2019 के पुलवामा आतंकी हमले पर एक रिपोर्ट नहीं रखी गई है। दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार पर झूठ फैलाने का भी आरोप लगाया।

कांग्रेस ने दिग्विजय के बयान से किया किनारा

दिग्विजय सिंह के बयान से कांग्रेस ने किनारा करते हुए कहा था कि हमें सेना पर पूरा भरोसा है और हम दिग्विजय सिंह के बयान का समर्थन नहीं करते हैं। ये उनका निजी बयान है और पार्टी का उनके इस बयान से कोई लेना देना नहीं है।

बता दें कि 2019 में पाकिस्तान स्थित आतंकी समूह जैश-ए-मोहम्मद द्वारा किए गए आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री की टिप्पणी सोमवार को राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा के जम्मू चरण के दौरान आई थी।
000000000000000000000000000000

प्रातिक्रिया दे