नवीन जिंदल को जान से मारने की धमकी, मांगा 50 करोड़

-सेंट्रल जेल बिलासपुर के कैदी ने डाक से भेजा धमकी भरा खत

रायगढ़। उद्योगपति नवीन जिंदल को 5 मिलियन ब्रिटिश पाउंड यानी 50 करोड़ रुपए 48 घंटे में नहीं देने पर जान से मारने का धमकी भरा खत मिलने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। खास बात यह है कि डाक से मिले लिफाफे को किसी और ने नहीं, बल्कि सेंट्रल जेल बिलासपुर के एक कैदी ने भेजा है। कोतरा रोड पुलिस ने कैदी के खिलाफ जुर्म पंजीबद्ध किया है।

सूत्रों के मुताबिक जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड के चेयरमैन नवीन जिंदल के नाम जेएसपीएल पतरापाली में विगत 18 जनवरी को डाक के जरिए एक लिफाफा पहुंचा। जेएसपीएल के महाप्रबंधक सुधीर रॉय ने 23 जनवरी को लिफाफे को खोलकर उसका मजमून पड़ा तो उनके होश गुल हो गए। दरअसल, खत में उद्योगपति नवीन जिंदल को सम्बोधित करते हुए असभ्य और अपमानजनक भाषा मे गाली-गलौज लिखा था। वहीं चिट्ठी में यह भी चेतावनी लिखा है कि अगर 48 घंटे के अंदर 5 मिलियन ब्रिटिश पाउंड नहीं मिले तो उनको जान से मार दिया जाएगा। पत्र की खबर से हड़कम्प मच गया है। धमकी भरा खत भेजने वाले ने अपना नाम बिलासपुर सेंट्रल जेल के कैदी नंबर 4563-97 आई जुनार राजेन्द्र नगर बिलासपुर निवासी बताया है। लिफाफा के पीछे जितेंद्र कुमार जैन द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश जांजगीर-चाम्पा, दिनांक 9 जनवरी 2013 लिखा है। साथ ही हिंदी में कम्प्यूटर टाइपिंग प्रति परीक्षण वास्ते मुकेश कुमार द्वारा श्री शंकरलाल अधिवक्ता लिखे की छायाप्रति है जो लाल रंग के डॉट पेन से क्रॉस कर काटा गया है।

थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट

जिंदल छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा उद्योग समूह है। लिहाजा इस खत को जेएसपीएल प्रबंधन ने बेहद संजीदगी से लेते हुए इसकी शिकायत कोतरा रोड थाने में कराई है। फिलहाल, जेएसपीएल के महाप्रबंधक सुधीर रॉय की रिपोर्ट पर पुलिस भादंवि की धारा 386, 506 के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच पड़ताल में जुटी है।

इधर, पं. धीरेंद्र शास्त्री को धमकी, ‘भक्त’ ही निकला आरोपी

बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान अमन सिंह के रूप में की गई है। पुलिस ने जब पूछताछ की तो पता चला कि वह भी धीरेंद्र शास्त्री का भक्त है और उनसे मिलना चाहता था। मुलाकात में असफल रहने के बाद गुस्से में आकर उसने धमकी दे डाली। पुलिस अभी उससे और पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसपी सचिन शर्मा ने न्बताया, आरोपी कुछ परेशानी में था और महाराज जी से मिलना चाहता था। लंबे समय से वह उसने बात नहीं कर पा रहा था। यही वजह है कि उसने ऐसा किया।’ अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 506 और 507 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस को धीरेंद्र शास्त्री के चचेरे भाई लोकेश गर्ग के मोबाइल पर फोन करके धमकी दी थी।
000

प्रातिक्रिया दे