-भारत जोड़ो यात्रा : हरियाणा में बोले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी
-कुरुक्षेत्र के समाना में मीडिया से रूबरू हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष
-पीएम मोदी पर साधा निशाना
कुरुक्षेत्र। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि उनके नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा को देश में हर जगह जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। उनका यह पैदल मार्च नफरत और समाज में फैलाये जा रहे भय के खिलाफ है। बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ. कुरुक्षेत्र के पास समाना में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा राहुल गांधी ने कहा, “भारत जोड़ो यात्रा को हर जगह जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। यात्रा का उद्देश्य लोगों को देश की सच्ची आवाज सुनने देना भी है। इस दौरान उन्होंने एक सवाल के जवाब में तपस्या और पूजा को लेकर बीजेपी-आरएसएस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक तपस्या का संगठन है। इसको आप तपस्या में लगाते हैं तो एनर्जी आती है। बीजेपी पूजा का संगठन है। आरएसएस की पूजा अलग है। वो चाहता है कि जोर जबरदस्ती से उनकी पूजा हो। मोदीजी चाहते हैं कि जोर जबरदस्ती से उनकी पूजा हो और देश में सब लोग उनकी पूजा करें। उसका जवाब तपस्या ही हो सकती है। इस यात्रा में कांग्रेस ही नहीं, लाखों लोग तपस्या कर रहे हैं। ये ही यात्रा का संदेश है। बीजेपी कहती है कि जो हमारी पूजा करेगा उसकी इज्जत होगी। उन्होंने आगे कहा कि हिंदुस्तान का ऐसा किसान, मजदूर नहीं मिलेगा जो मुझसे कम चला है। मैं तपस्या की इज्जत करता हूं। ये देश तपस्या का, पुजारियों का नहीं है।
रोजगार पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि रोजगार कहां से आएगा? जब हम दूसरी हरित क्रांति लेकर आएंगे, कृषि को बढ़ावा देंगे, फूड प्रोसेसिंग फैक्ट्रियों के जाल बिछाएंगे. इससे करोड़ों लोगों को रोजगार मिल सकता है। शिव जी, गुरुनानक देव जी और भगवान बुद्ध का हाथ ‘अभय मुद्रा’ में है। ‘अभय मुद्रा’ का अर्थ है- डरो मत. ‘अभय मुद्रा’ तपस्या का प्रतीक है। यही कांग्रेस के निशान ‘हाथ’ के पीछे का मतलब है।
यात्रा से सीखीं कई चीजें
वर्तमान में हरियाणा से गुजर रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के बारे में राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें अब तक की यात्रा के दौरान कई चीजें सीखने को मिलीं। देश के दिल में जो है, वह सीधे (लोगों से बातचीत) सुनने को मिला। यात्रा को हरियाणा में अच्छी प्रतिक्रिया मिली है- यह ऊर्जावान, उत्साही प्रतिक्रिया है। यात्रा के आलोचकों पर निशाना साधते हुए गांधी ने कहा कि यात्रा शुरू होने पर लोगों ने कहा कि जो प्रतिक्रिया हमें केरल में मिली, वह हमें कर्नाटक में नहीं मिलेगी, जो कि भाजपा शासित राज्य है। लेकिन हमें वहां और भी बेहतर प्रतिक्रिया मिली।
पूर्व सेना प्रमुख कई रिटायर अफसर यात्रा’ में शामिल
पूर्व सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर और रक्षा सेवा से सेवानिवृत्त कई शीर्ष अधिकारी रविवार को राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुए। यात्रा वर्तमान में हरियाणा से होकर गुजर रही है। भीषण ठंड और कोहरे के बीच ‘भारत जोड़ो यात्रा’ रविवार सुबह करनाल के नीलोखेड़ी क्षेत्र में दोद्वा से फिर से शुरू हुई और यात्रा ने दिन में बाद में कुरुक्षेत्र जिले में प्रवेश किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला और कुमारी शैलजा ने हरियाणा में इस पदयात्रा में भाग लिया।
–
बीजेपी ने साधा निशाना
राहुल के तपस्वी-पुजारी वाले बयान को लेकर बीजेपी लगातार निशाना साधा रही है। इस कड़ी में केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि राहुल गांधी ने सभी भारतीयों का अपमान किया है, जो मंदिरों में प्रार्थना करने जाते हैं। तपस्वी और पुजारी एक ही चीज हैं। वहीं बीजेपी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस में डिवाइड एंड रूल का डीएनए है और वे फिर से हिंदुओं को बांट रहे हैं। राहुल गांधी कहते हैं, ये देश तपस्वी का है, पूजारियों का नहीं है। तपस्या का सम्मान करें लेकिन पुजारियों का अपमान क्यों करें? कांग्रेस हमेशा हिंदू आस्था का उपहास उड़ाती है। भगवा वस्त्र से लेकर श्री राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने तक।
000000

