–दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे केस में दो हेड कांस्टेबल गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों से दो हेड कांस्टेबल ने 50 लाख का सोना लूट लिया। मस्कट से आए राजस्थान के एक शख्स ने 24 दिसंबर को इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद रविवार को आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में तैनात दो हेड कांस्टेबल गिरफ्तार किए गए। इन पर भ्रष्टाचार का आरोप है। इससे पहले इन दोनों को निलंबित कर दिया गया था।
दरअसल कुछ दिन पहले मस्कट और कतर से कुछ मजदूर आए थे। इन्हें जांच के लिए रोका गया। जांच में इनके पास से भारी मात्रा में सोना बरामद हुआ। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह सोना उनका नहीं बल्कि उनके मालिक का है। जांच के बाद पुलिस ने उनका सोना जब्त कर लिया। मजदूरों ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की। जांच के दौरान पता चला कि दो हेड कांस्टेबलों ने मिलकर 50 लाख रुपए का सोना एक्सपोर्ट कर दिया है। इसके बाद दोनों को निलंबित कर दिया गया। मामले की जांच चल रही थी। रविवार को दोनों को गिरफ्तार किया गया है।
—
जांच के नाम पर जंगल ले गए
दोनों इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पुलिस स्टेशन के स्पेशल ऑपरेशन स्क्वाड में तैनात थे। दोनों हेड कांस्टेबल ने मस्कट और कतर से आए कुछ पैसेंजर्स को जांच के नाम पर रोका था। जांच के नाम पर उनका पूरा सोना छीन लिया। दो यात्रियों ने बताया कि पुलिसकर्मी उन्हें जांच के नाम पर जंगल में ले गए। वहां उनसे सोना छीन लिया और मारपीट भी की।
—
सोने की तस्करी का दावा
मस्कट से आए दो यात्री विदेश से अपने मालिक के लिए सोना लेकर आए थे। यात्रियों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों हेड कांस्टेबलों को गिरफ्तार कर लिया। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ये यात्री सोना तस्करी कर भारत लाए थे। हालांकि पुलिस या एयरपोर्ट के अधिकारियों की ओर से इस बारे में पुष्टि नहीं की गई है।
–
किसने रची ये साजिश?
फिलहाल दोनों हेड कांस्टेबल से पूछताछ चल रही है। ये जानने की कोशिश की जा रही है कि उन्होंने यह साजिश कैसे रची और किसकी शह पर काम किया। दोनों हेड कॉन्स्टेबलों को सस्पेंड कर उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि सोना तस्करी का है या कारोबार के मकसद से खरीद कर लाया गया है।
–
00000

