मौके से स्वचलित हथियार बरामद, घायल माओवादी पकड़ाया
जगदलपुर . महाराष्ट्र व छत्तीसगढ़ पुलिस के संयुक्त अभियान में सुरक्षाबल के जवानों ने मुठभेड़ में एक महिला डीवीसी कमांडर सहित दो माओवादियों को मार गिराया है। वहीं टेकमेटा के जंगलों से घायल अवस्था में एक माओवादी को भी पकड़ा है। मौके से स्वचलित हथियार व माओवादियों के शव बरामद किये गए हैं। सुरक्षाबल सर्चिंग कर आसपास के इलाकों में नक्सलियों के मूवमेंट के बारे में पतासाजी कर रहे हैं।
बीजापुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र की सी-60 कमांडो व बीजापुर की डीआरजी के जवानों की संयुक्त पार्टी जिले के फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के टेकमेटा, बड़े काकलेर, छोटे काकलेर की ओर अभियान पर निकली हुई थी। इसी बीच शुक्रवार की सुबह 7 बजे के दरमियान नेशनल पार्क एरिया कमेटी के माओवादियों के साथ जवानों की मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से कुछ देर तक चली मुठभेड़ के बाद माओवादी भाग खड़े हुए।
शवों के साथ मिले स्वचलित हथियार
पुलिस के मुताबिक घटना स्थल की सर्चिंग करने पर वहां से एक महिला समेत दो माओवादियों के शव, 2 एसएलआर रायफल, एक मस्केट बरामद किया गया हैं। वहीं मुठभेड़ के बाद टेकमेटा के जंगलों से एक घायल माओवादी को भी पकड़ा गया है।

