- पुलिस ने 60 साल के संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार किया
- हमले के कारणों का पता नहीं, पूरे शहर में अलर्ट
(फोटो : पेरिस)
पेरिस: फ्रांस की राजधानी पेरिस में हुई अंधाधुंध फायरिंग में कई लोग हताहत हुए हैं। इस हमले में दो लोगों के मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हैं। सेंट्रल पेरिस में हुए इस हमले के बाद पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने एक संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार भी किया है। पेरिस आतंकवादी हमलों को लेकर अति संवेदनशील शहर है। इस कारण पुलिस ने हाई अलर्ट जारी करते हुए जगह-जगह चेकिंग शुरू कर दी है। अभी तक हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
हमलावर की उम्र 60 साल के करीब
फ्रांसीसी अधिकारियों ने कहा कि हमलावर की उम्र 60 साल के आसपास है। हमले को लेकर उसके इरादे स्पष्ट नहीं हैं। चार घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। हमले वाली जगह के एक दुकानदार ने बताया कि उसने सात या आठ गोलियां चलने की आवाज सुनी थी। फायरिंग के बाद आसपास मौजूद सभी लोग डर गए। हमने खुद को दुकान के अंदर ही बंद कर लिया था।
पेरिस को आतंकी हमलों से ज्यादा खतरा
पेरिस में बीते कुछ साल में कई आतंकवादी हमले हो चुके हैं। 13 नवंबर 2015 को पेरिस में हुए आतंकवादी हमलों में 130 लोगों की मौत हुई थी। इस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली थी। 2016 में फ्रांस में एक आतंकवादी ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस हमले में एक पुलिस अफसर की मौत हुई थी, जबकि एक अन्य घायल हुआ था। इसके बाद जवाबी फायरिंग में वह आतंकवादी भी मारा गया था। अक्टूबर 2020 में अज्ञात हमलावरों ने एक शिक्षक का सिर काट दिया था। आरोप था कि इस शिक्षक ने अपने छात्रों को पैगंबर मोहम्मद के वो कार्टून दिखाए थे जो कुछ साल पहले फ्रेंच मैगजीन शार्ली एब्दो ने छापे थे।
—
इस्लामाबाद में पुलिस चेकिंग के दौरान कार सवार ने खुद को उड़ाया
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक भीड़भाड़ वाले इलाके में कार ब्लास्ट हुआ है। धमाका शहर के I-10 सेक्टर में हुआ। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने जैसे ही संदिग्ध कार को रोका, हमलावर ने खुद को बम से उड़ा लिया। जानकारी के मुताबिक, इस आत्मघाती हमले में एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया है और चार पुलिस अधिकारियों और दो नागरिकों सहित कम से कम छह लोग घायल हो गए हैं। इस्लामाबाद पुलिस ने भी एक ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है।
चेकिंग के दौरान हुआ आत्मघाती हमला
इस्लामाबाद पुलिस ने ट्वीट किया, “अधिकारी स्नैप-चेकिंग कर रहे थे जब उन्होंने एक संदिग्ध वाहन को रुकने का इशारा किया। अधिकारियों के पास कार रुकने के तुरंत बाद वाहन में सवार एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। इस हमले में एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया है। इस हमले में 4 पुलिसकर्मी और दो नागरिक घायल हुए हैं।
इस्लामाबाद के पुलिस उप महानिरीक्षक सोहेल जफर चट्ठा ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा, “पुलिस ने सुबह 10:15 बजे I-10/4 के पास एक वाहन देखा जिसमें एक पुरुष और एक महिला सवार थे. अधिकारियों ने संदिग्ध पाए जाने के बाद वाहन की तलाशी ली.” उन्होंने कहा, “दंपत्ति कार से बाहर आए और अधिकारियों की ओर चेकिंग किए जाने के दौरान युवक किसी बहाने से फिर से वाहन के अंदर गया और खुद को उड़ा लिया। “
घटना का वीडियो वायरल
एक अन्य ट्वीट में पुलिस ने कहा, “सेक्टर I-10/4 के सर्विस रोड पूर्व में दोनों तरफ के ट्रैफिक के लिए डायवर्जन किया गया है। ” घटना के बाद नागरिकों को विकल्प के रूप में सेक्टर I-10/4 के सर्विस रोड पश्चिम का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक वाहन का जलता हुआ दिखाई दे रहा है। बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
00000

