‘भारत जोड़ो यात्रा’ कश्मीर तक जाएगी, इसे रोकने के बहाने ढूंढ़ रही है केंद्र सरकार’

  • कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घासेड़ा की जनसभा में कहा
  • राजस्थान से गुजरकर फिलहाल हरियाणा में है भारत जोड़ो यात्रा

-चीन में कोरोना बढ़ने के बाद भारत में भी इस महामारी के लिए जारी हुआ है एलर्ट

(फोटो : लेटर)

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को रोकने के लिए ‘बहाने’ ढूंढ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने चीन समेत कुछ देशों में कोरोना वायरस के मामलों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर उनसे अपील की थी कि यदि कोविड नियमों का पालन नहीं किया जा सकता, तो वह ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को निलंबित करने पर विचार करें।

कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई यात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान से गुजर चुकी है। फिलहाल यह हरियाणा में है। गांधी ने हरियाणा के नूंह जिले के घासेड़ा गांव में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘यह यात्रा कश्मीर जाएगी। अब वे एक नया तरीका लेकर आए हैं। उन्होंने मुझे पत्र लिखा कि कोविड फैल रहा है, यात्रा रोक दो।’

भाजपा पर साधा निशाना

राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने राजस्थान चरण के बाद बुधवार को नूंह से हरियाणा में प्रवेश किया था। उन्होंने कहा, ‘अब वे यात्रा रोकने का बहाना बना रहे हैं। मास्क लगाओ, यात्रा रोको, कोविड फैल रहा है, ये सब बहाने हैं। ’ केंद्र और हरियाणा में सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए गांधी ने कहा कि वह सच्चाई से डरती है। उन्होंने कहा, ‘हिंदुस्तान की शक्ति से, हिंदुस्तान की सच्चाई से, ये लोग डर गए हैं, ये सच्चाई है। ’

‘भारत जोड़ो यात्रा’ में लाखों लोगों ने हिस्सा लिया

राहुल गांधी ने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 100 से अधिक दिनों से जारी है और इसमें हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सहित सभी धर्मों के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने हिस्सा लिया है। उन्होंने कहा कि इसमें लाखों लोगों ने हिस्सा लिया, लेकिन किसी ने किसी से यह तक नहीं पूछा कि उनका धर्म क्या है, वे कौन सी भाषा बोलते हैं या कौन सी जगह से आए हैं। गांधी ने कहा कि इस यात्रा में 24 घंटे लोगों ने एक दूसरे का सम्मान किया और एक दूसरे को गले लगाया और प्यार फैलाया।

999

भाजपा की जन आक्रोश सभाएं यथावत रहेंगी: पूनियां

जयपुर, 22 दिसंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार के खिलाफ पार्टी की जन आक्रोश सभाएं अभी यथावत रहेंगी। इससे पहले द‍िन में पूनियां ने एक ट्वीट कर कहा था, ‘पार्टी की “जनाक्रोश यात्रा” को कोविड की सामान्य सावधानी एवं निर्देशों को देखते हुए जनहित में आगामी समय तक स्थगित किया गया है।’ हालांकि शाम को पूनियां ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश में स्थिति स्पष्ट की।

उन्होंने कहा, ‘अब चूंकि जन आक्रोश सभाएं होनी हैं जो 41 विधानसभा क्षेत्र में संपन्न हो गईं। चूंकि केंद्र व राज्यों का परामर्श अभी जारी नहीं हुआ है, कुछ असमंजस था। असमंजस यात्राओं को स्थगित करने को लेकर था। लेकिन हमारी जो जनसभाएं हैं … मैं निवेदन करना चाह रहा हूं कि वो यथावत रहेंगी।’ उन्होंने कहा, ‘कुछ संशय था, जो हमारे जिला अध्यक्ष व पार्टी के पदाधिकारी दूर कर लें… हमारी जनाक्रोश सभाएं यथावत रहेंगी। ये जरूरी है कि कोरोना की सावधानी हमें रखनी है, कोरोना के प्रोटोकॉल का पालन करना है। और इस लिहाज से हमें इन सभाओं को आगे तक इसी तरह जारी रखना है जब तक केंद्र व राज्य की कोई एडवाइजरी जारी नहीं होती।’ पूनियां के अनुसार, ‘कांग्रेस पार्टी की राज्य सरकार के कुशासन, जंगलराज और भ्रष्टाचार के विरूद्ध एक दिसंबर से 14 दिसंबर तक भारतीय जनता पार्टी की जन आक्रोश यात्राएं संपन्न हुई हैं। इस यात्रा के दौरान हमने दो करोड़ लोगों से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से संपर्क किया है। एक लाख किलोमीटर से भी ज्यादा हम लोग चले हैं और 92 लाख पर्चे बांटे हैं व 14 लाख लोगों की शिकायतों को हमने संकलित किया है।’ उन्होंने कहा, ‘इस लिहाज से इन यात्राओं को राज्य सरकार के खिलाफ बड़ी मजबूती से स्थापित किया है।’

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने राजस्थान सरकार के चार साल पूरे होने पर जन आक्रोश यात्रा की शुरूआत की थी। इसकी औपचारिक शुरुआत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक दिसंबर को जयपुर में की। भाषा पृथ्वी कुंज रंजन

00000

प्रातिक्रिया दे