सुखविंदर ने ली शपथ, गुजरात में कल नई सरकार का गठन

—-हिमाचल में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने ली शपथ, समारोह में दिखी कांग्रेस की एकजुटता

— गुजरात में भूपेंद्र पटेल आज फिर लेंगे शपथ, पीएम मोदी समारोह में रहेंगे मौजूद

शिमला/अहमदाबाद। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन गई। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 15वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की भी ताजपोशी हो गई। शपथ ग्रहण के बहाने कांग्रेस ने शक्तिप्रदर्शन भी किया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में उपस्थित हुए। सूत्रों का कहना है कि सुक्खू की नई टीम में 14 सिपहसलार जोड़े जा सकते हैं। इधर, गुजरात में सीएम भूपेंद्र पटेल सोमवार को फिर से शपथ लेंगे। ऐसी चर्चा हैं कि नए मंत्रिमंडल में कई चेहरों को मौका मिलेगा।

हिमाचल की राजनीतिक परंपरा को जारी रखने वाली जनता ने भाजपा से सत्ता छीनकर कांग्रेस के हाथ कमान सौंप दी है। 68 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस के खाते में 40 आईं। तीन निर्दलीय मिलाकर कांग्रेस के पास 43 विधायकों का तगड़ा समर्थन है।सुक्खू का शपथ ग्रहण समारोह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में हुआ। कुछ कैबिनेट मंत्रियों के भी जल्द शपथ लेने की संभावना है। सीएम समेत कैबिनेट मंत्रियों की अधिकतम संख्या 12 हो सकती है। गौरतलब है कि सुक्खू और अग्निहोत्री के नामों की घोषणा केंद्रीय पर्यवेक्षकों छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राज्य के एआईसीसी प्रभारी राजीव शुक्ला ने शनिवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद राज्य पार्टी प्रतिभा सिंह की उपस्थिति में की।

विक्रमादित्य भी बन सकते हैं मंत्री

रविवार सुबह हिमाचल प्रदेश के मनोनीत सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रतिभा सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में प्रतिभा सिंह से जब पूछा गया कि क्या उनका बेटा विक्रमादित्य कैबिनेट मंत्रियों की रेस में हैं। जवाब में उन्होंने हामी भरी है।

नई टीम के 14 संभावित सिपहसलार

विक्रमादित्य के अलावा कैबिनेट के संभावित मंत्रियों पर निगाह डालें तो इस समय धनीराम शांडिल, चंद्र कुमार, जगत सिंह नेगी, हर्षवर्धन चौहान, सुधीर शर्मा, अनिरुद्ध सिंह, विनय कुमार, इंद्र दत्त लखनपाल, राजेंद्र राणा, रोहित ठाकुर, राजेश धर्माणी, नंदलाल, सुंदर ठाकुर, कुलदीप सिंह पठानिया, भवानी पठानिया और कुलदीप सिंह राठौर के नाम चर्चा में हैं। इसमें एक विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद भी शामिल है।

नई सरकार के समक्ष दोहरी चुनौती

हिमाचल प्रदेश में नए नेतृत्व को लेकर निर्णायक कदम उठाने के बावजूद राज्य में कांग्रेस पार्टी के लिए अभी काम खत्म नहीं हुआ है क्योंकि उसके सामने गुटबाजी को दूर रखने और महत्वाकांक्षी चुनावी वादों को पूरा करने की दोहरी चुनौती है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री का रास्ता अभी कठिन है, जिसमें पहली बाधा मंत्रिमंडल का गठन होगी। मंत्रिमंडल गठन के मामले में उन्हें पार्टी में प्रतिस्पर्धी समूहों के दबाव से निपटना होगा। पार्टी के लिए सबसे पहली मुश्किल विभागों का आवंटन होगा क्योंकि दिवंगत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समर्थक उनके कथित प्रतिद्वंद्वी सुक्खू को शीर्ष पद पर काबिज किये जाने के बाद पहले से ही खुद को दरकिनार महसूस कर रहे हैं। संगठनात्मक एकता की चुनौती के अलावा, राज्य में कांग्रेस सरकार को जमीनी स्तर पर काम करने और घोषणापत्र के वादों को पूरा करने की आवश्यकता होगी। चुनावी वादों को पूरा करने के लिए एक और कठिन कार्य राज्य सरकार के लिए वित्त जुटाना होगा। इन वादों को पूरा करने के लिए राज्य सरकार की ओर से लगभग दस हजार करोड़ रुपये सालाना खर्च होंगे। हिमाचल पर 31 मार्च, 2002 तक लगभग 65,000 करोड़ रुपये के कर्ज के बोझ को देखते हुए सुक्खू और उनकी टीम इसे कैसे हासिल करती है, इस पर बारीकी से नजर रखी जाएगी। राज्य की वित्तीय स्थिति पहले से ही मुश्किल में है।

पीएम की मौजूदगी में भूपेंद्र लेंगे शपथ

भारतीय जनता पार्टी के नेता भूपेंद्र पटेल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में सोमवार को गांधीनगर में गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पटेल का यह लगातार दूसरा कार्यकाल होगा। राज्यपाल आचार्य देवव्रत अपराह्न दो बजे गांधीनगर में नए सचिवालय के पास हेलीपैड ग्राउंड में आयोजित होने वाले समारोह में पटेल को राज्य के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाएंगे। भाजपा सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। पटेल के साथ कुछ नए मंत्रियों के भी शपथ लेने की संभावना है। हाल में संपन्न हुए गुजरात के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 182 में से रिकॉर्ड 156 सीट जीती है। यह गुजरात के विधानसभा चुनावों में भाजपा की लगातार सातवीं जीत है।

छग से शामिल होंगे चंदेल

गुजरात में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल शामिल होंगे। भाजपा के केंद्रीय कार्यालय और गुजरात भाजपा ने उन्हें आमंत्रित किया है।

000

प्रातिक्रिया दे