अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा की कुल 182 सीटों में से 89 सीटों पर गुरुवार को पहले चरण में मतदान होगा। ये सीटें राज्य की 19 जिलों में फैली हुई हैं। इस चरण में कुल 788 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी हुई है। भाजपा शासित इस राज्य में पहले चरण के मतदान का प्रचार अभियान मंगलवार को शाम पांच बजे समाप्त हो गया। गुरुवार को 14,382 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे के बीच मतदान होगा। पहले चरण में जिन 89 सीटों पर मतदान होगा उनमें से 48 पर भाजपा ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी जबकि कांग्रेस के खाते में 40 सीटें गई थीं और एक सीट पर निर्दलीय विजयी हुआ था। इस चुनाव में भाजपा,कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) के अलावा बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा), समाजवादी पार्टी (सपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) सहित 36 अन्य दलों ने भी अपने प्रत्याशी पहले चरण की सीटों पर उतारे हैं। भाजपा और कांग्रेस ने सभी 89 सीटों पर अपने-अपने प्रत्याशी उतारे हैं।
000

