बीजेपी प्रत्याशी रघुराज शाक्य ने किया नामांकन

-पहले पहुंचे मुलायम की समाधि स्थल

मैनपुरी लोकसभा उप चुनाव के लिए बुधवार को भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य ने कलक्ट्रेट पहुंचकर दो सेटों में नामांकन दाखिल किया। निर्धारित समय से पहले ही जिले के नेताओं के साथ कलक्ट्रेट पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल कर दिया। पूर्व में डिप्टी सीएम और प्रदेश अध्यक्ष के साथ नामांकन प्रस्तावित था, लेकिन अचानक उनके आगमन से पहले ही नामांकन कर दिया गया। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा ने इटावा निवासी रघुराज सिंह शाक्य को प्रत्याशी बनाया है। बुधवार को रघुराज सिंह शाक्य दोपहर एक बजे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और बृज क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ दोपहर एक बजे नामांकन करने वाले थे, लेकिन अचानक सुबह 11 बजे ही रघुराज सिंह शाक्य जिले के नेताओं के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह को दो सेटों में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसमें पूर्व मंत्री और भोगांव से भाजपा विधायक रामनरेश अग्रिहोत्री और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान प्रस्तावक रहे। उनके साथ लोकसभा प्रभारी दिनेश वशिष्ठ, बृज क्षेत्र उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता और ममता राजपूत समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। रघुराज सिंह शाक्य ने कहा कि वे एक किसान के बेटे हैं और चुनाव जीतने के बाद भी सबके बीच रहकर उनकी सेवा करेंगे।

भाजपाई बोले मुहूर्त के चलते पहले किया नामांकन

निर्धारित समय से पहले बिना उप मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के नामांकन किए जाने पर भाजपाइयों ने अलग ही कहानी सुनाई। उनक कहना था कि मुहुर्त जल्दी का होने के चलते दो सेट दाखिल कर दिए हैं। अन्य दो सेट उप मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में दाखिल किए जाएंगे, लेकिन ये बात किसी का गले नहीं उतरी। वहीं दोबारा रघुराज सिंह शाक्य अन्य दे सेट दाखिल करने नहीं पहुंचे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के नामांकन में शामिल न होने की लोगों के बीच चर्चा रही।

नामांकन से पहले मुलायम की समाधि पर पहुंचे रघुराज

भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य लंबे समय तक समाजवादी पार्टी में रहे हैं। वे दो बार सपा से सांसद और एक बार विधायक भी रह चुके हैं। उनकी मुलायम सिंह यादव से करीबी भी जग जाहिर है। बुधवार को मैनपुरी लोकसभा उप चुनाव में नामांकन करने से पहले रघुराज सिंह शाक्य सैफई स्थित मेला ग्राउंड में बनी मुलायम सिंह यादव की समाधि पर पहुंचे। उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद नामांकन के लिए रवाना हुए।

डिंपल के लिए वोट करें, वो हमारी बहू है उसके लिए लगना है

-शिवपाल ने दिया आखिरकार समर्थन

मैनपुरी उपचुनाव में स्टार प्रचारक हैं शिवपाल

मैनपुरी। इटावा के सैफई में बुधवार को शिवपाल सिंह की कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग हुई। बैठक संपन्न होने के बाद पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि शिवपाल सिंह यादव ने डिंपल का समर्थन करते हुए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से कहा कि, बहू डिंपल के लिए वोट करो, वो हमारी बहू है उसके लिए लगना है।’ इससे पहले तेज प्रताप यादव ने भी मीडिया से बात करते हुए दावा किया कि पूरा परिवार एकजुट है, वो स्टार प्रचारक हैं। कहीं किसी तरह की कोई बात नहीं है। बीजेपी के लोग तरह-तरह की बातों को हवा दे रहे हैं। उनको जिताने के लिए सभी लोग एक साथ हैं। संभव है कि कल से प्रचार में उतरेंगे। तेज प्रताप ने कहा कि मैनपुरी के लोग हमारे साथ हैं। आज उन्होंने बैठक की है, जल्द ही कार्यक्रम बन जाएंगे और उसके बाद वे प्रचार में उतरेंगे। जानकारी के मुताबिक अखिलेश यादव शिवपाल सिंह यादव से मिलने जाएंगे। इस दौरान पत्नी डिंपल भी उनके साथ होंगी। चर्चा है कि बैठक में मुलायम सिंह के भाई अभय राम यादव भी शामिल हो सकते हैं।

मैनपुरी में पांच दिसंबर को वोटिंग

समाजवादी पार्टी ने मैनपुरी उपचुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारक के रूप में शिवपाल सिंह यादव के नाम की घोषणा मंगलवार को थी। हालांकि सोमवार को सपा की उम्मीदवार डिंपल यादव के मैनपुरी में नामांकन दाखिल करने के समय शिवपाल सिंह यादव और उनके बेटे आदित्य यादव वहां मौजूद नहीं थे। सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी संसदीय सीट खाली हुई। यहां पांच दिसंबर को उपचुनाव है। वहीं चुनाव परिणाम आठ दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

000000


प्रातिक्रिया दे