खराब सड़क को लेकर गडकरी ने मांगी माफी, टेंडर किया निरस्त

-भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान भरे मंच से केंद्रीय मंत्री ने जताया खेद

मंडला। मध्य प्रदेश में बनाई जा रही खराब सड़क पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने माफी मांगी। उन्होंने कहा कि अगर गलती हुई है तो इसके लिए माफी भी मांगनी चाहिए। बरेला से मंडला तक 400 करोड़ रुपये की लागत से 63 किलोमीटर का टू लेन रोड बन रहा है, इससे संतुष्ट नहीं हूं। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सड़क का जितना काम बाकी है, उसे सस्पेंड कर दो।

दरअसल जबलपुर-मंडला सड़क निर्माण में लापरवाही की बात मंत्री नितिन गडकरी के कानों तक पहुंच गई थी। उन्होंने मंडला में सड़कों का भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान भरे मंच से माफी मांगी। गडकरी ने निर्माण के बचे काम को सस्पेंड करने का भी निर्देश दिया। नितिन गडकरी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जल्दी ये रोड अच्छा और पूरा करके दो। इस दौरान नितिन गडकरी ने मध्य प्रदेश के आदिवासी जिले मंडला में 1,261 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखी। बता दें कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हाल ही में खराब सड़को को लेकर अधिकारियों पर जमकर बरसे थे। भोपाल की सड़कों के हालात की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि जब राजधानी में ये हाल है तो और जगहों की क्या हालत होगी।

00000

प्रातिक्रिया दे