भाजपा ने उद्योगपति मित्रों के 10 लाख करोड़ किए माफ

-नगरोटा बगवां में केंद्र पर बरसीं प्रियंका गांधी

-हिमाचल प्रदेश में की चुनावी सभा

नगरोटा बगवां। नगरोटा बगवां में आयोजित कांग्रेस की परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली में कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वढेरा ने भाजपा की केंद्र सरकार को उद्योगपति मित्रों के कर्ज माफ करने पर घेरा। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय है तथा पहली ही कैबिनेट बैठक में ओपीएस बहाल कर एक लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने का ऐलान होगा। उन्होंने हिमाचल को देव, वीर और शहीदों की भूमि की संज्ञा देते हुए स्वयं हिमाचल की निवासी और शहीद परिवार की बेटी होने पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोगों में बहादुरी, मेहनत और बलिदान का वह जज्बा है, जो मैंने अपने परिवार में देखा है। उन्होंने कहा कि जनता स्वयं यह आकलन करे कि गत पांच वर्षों में प्रदेश को क्या मिला। प्रदेश में आज भी 63 हजार सरकारी पद खाली पड़े हैं, जबकि रोजगार के द्वार बंद हैं। कर्मचारी बुढ़ापे को लेकर चिंतित हैं, तो हर गृहिणी महंगाई से त्रस्त है। किसानों और बागबानों को उत्पादों की कीमत नही मिल रही, जबकि जीएसटी की मार हर वर्ग को सहनी पड़ रही है । कांग्रेस नेता ने पुलिस भर्ती, पीपीई किट तथा शिक्षक भर्ती घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों के हितों में कार्य करना भाजपा के लिए असंभव है, लेकिन भाजपा शासन में घोटाले करना संभव है। उन्होंने देश की सम्पत्ति को उद्योगपतियों के हाथों बेचने और अपने पूंजीपति मित्रों के दस लाख करोड़ रुपए के ऋण माफ करने पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने बघेल सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि अगर नियत साफ हो, तो कुछ भी असंभव नहीं है। उनका कहना था कि सरकार बनने के तीन घंटे बाद 19 लाख किसानों के नौ हजार करोड़ के कर्जे माफ करना और तीन साल में पांच लाख लोगों को रोजगार देना कांग्रेस ने करके दिखाया है। उन्होंने अग्निवीर योजना के तहत सेना में ठेका प्रथा शुरू करने पर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाने की भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि मुझे उम्मीद है कि प्रदेश की जनता अपने विवेक, अनुभव और जागरूकता के आधार पर सही निर्णय लेगी और हम जनता के प्रति अपने कर्तव्यों और एक-एक वादे को पूरा करने की जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने प्रदेश के विकास में स्वर्गीय यशवंत सिंह परमार, राजा वीरभद्र सिंह तथा जीएस बाली के प्रयासों को भी सराहा।


आपने मेरा दिल चुराया आज

कांगड़ा में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करने जब प्रियंका गांधी मंच की ओर बढ़ी तो वहां मौजूद लोगों ने उनका स्वागत उत्साह के साथ किया। लोगों की लगातार बजती तालियों को देखकर प्रियंका ने कहा कि आप लोगों ने आज मेरा दिल चुरा लिया। प्रियंका ने अपने संबोधन में कहा कि मैं एक शहीद की बेटी हूं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा की ये धरती अपने वीर जवानों के लिए जानी जाती है। यहां के जवान देश की सरहद की रक्षा करते हैं। इस राज्य के लोगों के पास बहुत जज्बा है। प्रियंका ने कहा कि आप सब का जज्बा देखकर ही इंदिरा गांधी जी ने हिमाचल प्रदेश को राज्य बनाया था।

अग्निपथ योजना को रद्द कर देंगे

प्रियंका गांधी कहा कि इस राज्य के जवान देश की सेवा करते हैं। क्या आप चाहते हैं कि सेना में कोई भर्ती न हो? पुलिस भर्ती में घोटाला हो? भाजपा सरकार में बस घोटाला ही संभव है। क्या ऐसी सरकार चाहते हैं आप? प्रियंका ने कहा कि केंद्र में सरकार बनते ही हम अग्निपथ योजना को रद्द कर देंगे

कांग्रेस 1 लाख रोजगार देगी

प्रियंका ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 5 लाख रोजगार दिए, राजस्थान में कांग्रेस में 1 लाख 30 हजार रोजगार दिए। भाजपा पीएसयू बेच सकती है लेकिन लोगों को रोजगार नहीं दे सकती। प्रियंका ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा बस बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ करती है।

कांग्रेस ने दी हिमाचल को गारंटी

प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस चुनाव में कुछ गारंटी लेकर आई है। सरकार बनने के बाद जो हमारी पहली बैठक होगी उसमें ये तय होगा कि हिमाचल के लोगों को 1 लाख रोजगार दिया जाए। 63,000 खाली पदों को भरा जाएगा। 5 साल में कांग्रेस पार्टी 5 लाख लोगों को रोजगार देगी। कांग्रेस पार्टी हर महिला को 1500 रुपए महीना देगी।

प्रातिक्रिया दे