मंगोलिया के सांस्कृतिक दूत के रूप में महोत्सव में भाग लेना गर्व की बात: टीम लीडर एंखबोल्ड टुमूरबातर
राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में बिखेरेंगे नृत्य की मनमोहक छटा
रायपुर, 31 अक्टूबर 2022
राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव
मंगोलिया का नर्तक दल आज राजधानी रायपुर पहुंच गया है। यह दल स्थानीय साइंस कॉलेज मैदान में 01 से 03 नवंबर तक चलने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में अपनी नृत्य शैली की छटा बिखेरेगा।
टीम लीडर श्री एंखबोल्ड टुमूरबातर ने बताया कि हम अपनी कला और संस्कृति से छत्तीसगढ़ के लोगों के साथ ही भारत के विभिन्न राज्यों एवं अन्य विदेशी मेहमानों के दिल में जरूर स्थान बनाने में सफल होंगे। इस महोत्सव में मंगोलिया के सांस्कृतिक प्रतिनिधि के रूप में भाग लेना हम सब के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि उनके दल में 10 सदस्य हैं जिसमें 5 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं।
मंगोलिया के नर्तक दल का स्वामी विवेकानंद विमानतल माना पहुंचने पर राज्य सरकार के अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया। नर्तक दल के सदस्यों ने स्वागत से अभिभूत होकर कहा छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया। इस दौरान नर्तक दल ने नृत्य की मोहक झलक भी दिखाई।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में मोजाम्बिक, टोगो, मंगोलिया, रूस, इंडोनेशिया, सर्बिया, न्यूजीलैंड, इजिप्ट और मालदीव कलाकारों सहित देश के विभिन्न राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के लगभग 15 सौ कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
—
मिस्र का नर्तक दल पहुंचा रायपुर

मिस्र के कलाकारों का दल राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में अपनी छटा बिखरने आज राजधानी रायपुर पहुंचा। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर संस्कृति विभाग के अधिकारियों ने इन कलाकारों को गर्मजोशी के साथ अगवानी की। इन कलाकारों ने छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया कहकर उनके स्वागत के लिए आए अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव4
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 01 से 03 नवंबर तक चलने वाली राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव को लेकर मिस्र के कलाकारों में काफी उत्साह दिखा। मिस्र के कलाकारों ने छत्तीसगढ़ में उनकी कला के प्रदर्शन के लिए मंच प्रदान करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। इन कलाकारों ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अपनी संस्कृति साझा करने का अवसर मिल रहा है। साथ ही इस आयोजन में उन्हें देश-विदेश के कलाकारों से भी मिलने का और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा। गौरतलब है कि मिस्र से 23 सदस्यीय कलाकारों का दल यहां आया है, जिसमें 9 महिलाएं और 14 पुरुष शामिल है।


 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                