टीएस बोले-अगर सीएम भूपेश रहे तो वो ही फेस होंगे

सीएम बनने के प्रश्न पर कहा-उम्मीद पर दुनिया कायम

मनेंद्रगढ़। प्रदेश के सिंहदेव स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने रविवार को बड़ा बयान दिया है। जिले के दौरे पर पहुंचे मंत्री श्री सिंहदेव जब इस बात को लेकर भी प्रश्न किया गया कि अगले चुनाव में सीएम पद का चेहरा कौन होगा? तब उन्होंने कहा कि यदि सीएम भूपेश ही यदि उस समय सीएम रहेंगे तो वो ही चेहरा रहेंगे, जो सीएम होता है वो चेहरा होता है। श्री सिंहदेव ने मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर फिर कहा है कि उम्मीद पर दुनिया कायम है। बाकी पार्टी हाईकमान जो निर्णय लेती है वही मान्य होता है। हमें जो जिम्मेदारी दी जाती है। हम वही काम करते हैं।

मंत्री सिंहदेव रविवार को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के दौरे पर पहुंचे थे। वहां वे चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ में अलग-अलग कार्यक्रम में शामिल हुए। मनेंद्रगढ़ में उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण भी किया। फिर शिक्षकों के कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद ही उन्होंने मीडिया से चर्चा की। सिंहदेव ने कहा-पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हो रहा है। व्यक्तिगत तौर पर मैं राहुल जी के निर्णय पर तो सहमत नहीं हूं। मेरी व्यक्तिगत राय है कि राहुल गांधी को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष होना चाहिए यदि सोनिया गांधी नहीं होती हैं। मगर ये राहुल जी का निर्णय है। हां पर अब चुनाव हो रहे हैं। दो लोग मैदान में हैं। उन दोनों में से ही एक पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष होगा।

मंडावी के निधन पर बोले-खो दिया होनहार साथी

मंत्री सिंहदेव ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष मनोज मंडावी के निधन पर भी गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हमने एक होनहार साथी को खो दिया है। मनोज बहुत ही स्पष्टवादी, बोल्ड निडर और आदिवासी हित में विशेष संवेदना रखने वाले नेता थे।

अचानक मरवाही अस्पताल भी पहुंचे सिंहदेव

मनेंद्रगढ़ के बाद श्री सिंहदेव गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दौरे पर भी गए। सिंहदेव अचानक ही मरवाही के अस्पताल पहुंच गए। वहां उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया। इसके बाद कहा कि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। हमें इसे और बेहतर करना है।

प्रातिक्रिया दे