हिमाचल में 12 नवंबर को वोटिंग, 8 दिसंबर को मतगणना

एकचरण में होगा विधानसभा चुनाव, गुजरात की तारीख तय नहीं

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव का एलान हो गया है। चुनाव आयोग की घोषणा के अनुसार आगामी 12 नवंबर को मतदान होगा और 8 दिसंबर को मतगणना होगी। चुनाव के लिए अधिसूचना 17 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन करने की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर है। नाम वापस 29 अक्टूबर तक ले सकते हैं। हालांकि माना जा रहा था कि गुजरात चुनाव की घोषणा की इसी के साथ की जाएगी लेकिन फिलहाल वह नहीं हो सकी।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि हिमाचल विधानसभा की 68 सीटों में से 17 सीटें एससी वर्ग और 3 सीटें एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। हिमाचल में 55.07 लाख वोटर हैं। इनमें 27 लाख 80 हजार पुरुष और 27 लाख 27 हजार महिलाएं हैं। चुनाव आयोग ने कहा प्रत्येक मतदान केंद्र पर रैम्प, पेयजल एवं छायांकित क्षेत्र व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

बुजुर्ग, दिव्यांगों के लिए खास इंतजाम

चुनाव आयोग ने कहा कि 80 साल के ज्यादा उम्र के लोग, दिव्यांग, या कोरोना संक्रमित अगर बूथ पर नहीं आ पाते हैं तो उनके घर जाकर वोट ली जाएगी। 80 साल के ज्यादा उम्र के 1.82 लाख मतदाता हैं। आयोग के कर्मचारी 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए मतदान के लिए घरों में जाएंगे। प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसके अलावा राज्य में 100 साल से ज्यादा उम्र के 1184 मतदाता हैं।

हिमाचल में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कुल 68 सीटें हैं। राज्य में फिलहाल में बीजेपी की सरकार है। वहीं कांग्रेस भी चुनावी तैयारियों में जुटी हुई है। इन दोनों के बीच इस बार आम आदमी पार्टी भी पूरी ताकत झोंके हुए हैं। हिमाचल सदन का कार्यकाल 8 जनवरी, 2023 को समाप्त हो रहा है।

नामांकन के दिन तक नए वोटर जुड़ पाएंगे

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, वोटर्स हमारी प्राथमिकता है, यही वजह है कि जिन लोगों को पास वोटर आईडी कार्ड नहीं है वो नामांकन के दिन तक इसे हासिल कर सकते हैं। नामांकन के दिन तक वोटर जुड़ सकेंगे।

भारत निर्वाचन आयोग सही तरीके से चुनाव करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इलेक्शन फेयर और सही तरीके से करवाने का प्रयास करेंगे। कोविड की स्थिति अब बड़ी चिंता नहीं, लेकिन एहतियाती कदम जारी रखे जाएंगे। कुछ मतदान केंद्रों का प्रबंधन पूरी तरह से महिला कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा। कुछ मतदान केंद्रों का प्रबंधन पूरी तरह से पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों द्वारा किया जाना है।

चुनाव कार्यक्रम

17 अक्टूबर को अधिसूचना

25 अक्टूबर तक नामांकन

29 अक्टूबर तक नाम वापसी

12 नवंबर को मतदान

08 दिसंबर को मतगणना

68 सीट के लिए होगा मतदान

प्रातिक्रिया दे