रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने अर्थशास्त्र के लिए नोबेल पुरस्कार 2022 की घोषणा कर दी है। अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में 2022 के स्वेरिग्स रिक्सबैंक पुरस्कार बैंकों और वित्तीय संकटों पर शोध के लिए बेन एस बर्नानके, डगलस डब्ल्यू डायमंड और फिलिप एच डायबविग को देने का फैसला लिया गया है।
समिति ने पुरस्कारों की घोषणा करते हुए कहा है कि तीनों पुरस्कार विजेताओं ने विशेष रूप से वित्तीय संकट के दौरान अर्थव्यवस्था में बैंकों की भूमिका के बारे में हमारी समझ में काफी सुधार किया है। उनके शोध में एक महत्वपूर्ण खोज यह है कि बैंकों के पतन से बचना क्यों महत्वपूर्ण है?
‘बैंकों को कैसे संवेदनशील बनाया जाए’ इसपर किया शोध
पुरस्कारों की घोषणा करते हुए कहा गया है कि आधुनिक बैंकिंग अनुसंधान स्पष्ट करते हैं कि हमारे पास बैंक क्यों हैं? उन्हें संकटों में कैसे कम संवेदनशील बनाया जाए और कैसे बैंक का पतन वित्तीय संकटों को बढ़ा देता है? इस शोध की नींव 1980 के दशक की शुरुआत में बेन बर्नानके, डगलस डायमंड और फिलिप डायबविग ने रखी थी। वित्तीय बाजारों को विनियमित करने और वित्तीय संकटों से निपटने में उनके विश्लेषण का बहुत व्यावहारिक महत्व रहा है।
वर्ष 1969 से दिया जा रहा है अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार
आर्थिक विज्ञान में सेवरिग्स रिक्सबैंक पुरस्कार अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में दिया जाता है। बता दें कि अल्फ्रेड नोबेल ने अपनी वसीयत में अर्थशास्त्र पुरस्कार का उल्लेख नहीं किया था। स्वेरिग्स रिक्सबैंक ने 1968 में पुरस्कार की स्थापना की और रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज को 1969 में शुरू होने वाले आर्थिक विज्ञान में पुरस्कार विजेताओं के चयन का कार्य दिया गया।

