मुंबई। राजस्व खुफिया निदेशालय ने मुंबई हवाई अड्डे से 100 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की 16 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। जब्त हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 100 करोड़ रुपए से अधिक है। इस संबंध में एक यात्री तथा घाना की एक महिला को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि मामले में डीआरआई की कार्रवाई के तहत घाना की महिला को दिल्ली में एक होटल से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि डीआरआई की मुंबई इकाई ने मंगलवार को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर जाल बिछाया था। उन्हें यह गुप्त सूचना मिली थी कि एक अफ्रीकी देश मालावी से कतर होते हुए मुंबई आ रहा एक यात्री देश में मादक पदार्थ की तस्करी की कोशिश कर रहा है। उन्होंने बताया, इसके तहत डीआरआई के अधिकारियों की निगरानी और संदिग्ध की पल-पल की गतिविधि पर नजर रखने वाली टीम को हवाई अड्डा पर तैनात किया गया और संदिग्ध यात्री को रोक कर पूछताछ की गई। संदिग्ध के सामान की तलाशी के दौरान डीआरआई अधिकारियों ने 16 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। इसे ट्रॉली बैगों में खंडों में छिपा कर रखा गया था। उन्होंने बताया कि जब्त हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 100 करोड़ रुपए से अधिक है। यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया और स्थानीय अदालत ने उसे डीआरई अधिकारियों को रिमांड पर देने का निर्देश दिया। डीआरआई अधिकारियों ने घाना की एक महिला को गिरफ्तार किया, जो तस्करी की गई इस प्रतिबंधित सामग्री को दिल्ली में लेने वाली थी। घाना की यह महिला नागरिक जब मादक पदार्थ की आपूर्ति को लेने के लिए आई तो उसे दिल्ली में एक होटल से पकड़ लिया गया। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे दिल्ली में अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने पर मुंबई लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मामले में जांच जारी है।
00000
100 करोड़ से अधिक की हेरोइन बरामद, मुंबई हवाई अड्डे की घटना

