गोवा में कांग्रेस को झटका, भाजपा में 8 विधायक शामिल

— 11 में से 8 विधायक टूटे, कांग्रेस बोली- भाजपा का ‘ऑपरेशन कीचड़’

पणजी। एक तरफ कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ चल रही है, वहीं गोवा में कांग्रेस को बड़ा नुकसान हो गया। गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत समेत कांग्रेस के आठ विधायक बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए, जिसे विपक्षी दल के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इसके साथ ही 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में कांग्रेस के सदस्यों की संख्या घटकर तीन रह गई है। आठ विधायक मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सदानंद शेत तानवड़े की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए। भाजपा ने इस साल मार्च में हुए विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर अपनी सत्ता बरकरार रखी थी। भाजपा के पहले 20 विधायक थे। अब कांग्रेस विधायकों की संख्या 11 से गिरकर तीन रह गई है।

कांग्रेस के आठ विधायक दिगंबर कामत, माइकल लोबो, डेलिला लोबो, राजेश फलदेसाई, केदार नाइक, संकल्प अमोनकर, एलेक्सियो सिक्वेरा और रूडोल्फ फर्नांडिस के औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल होने से पहले एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें वे सावंत के साथ बैठे दिख रहे हैं। इससे पहले, लोबो ने कहा कि यहां कांग्रेस के विधायक दल की बैठक में भाजपा के साथ विलय का प्रस्ताव पारित किया गया। कांग्रेस के तीन अन्य विधायक युरी अलेमाओ, एल्टोन डि’कोस्टा और कार्लोस एल्वेयर्स फरेरा प्रस्ताव पारित किए जाते समय उपस्थित नहीं थे। सावंत ने पत्रकारों से कहा कि सदन में भाजपा विधायकों की संख्या बढ़कर 28 हो जाने की पृष्ठभूमि में मंत्रिमंडल मंल फेरबदल पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। सावंत ने कहा कि कांग्रेस के आठ विधायक बिना शर्त भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अब 28 विधायक हैं और उसे विधानसभा में कुल मिलाकर 33 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। सावंत ने कहा कि कांग्रेस छोड़ो यात्रा गोवा से शुरू हो गई है।

ये हुए भाजपा में शामिल

कांग्रेस के आठ विधायक दिगंबर कामत, माइकल लोबो, डेलिला लोबो, राजेश फलदेसाई, केदार नाइक, संकल्प अमोनकर, एलेक्सियो सिक्वेरा और रूडोल्फ फर्नांडिस के औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल होने से पहले एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें वे सावंत के साथ बैठे दिख रहे हैं।

कामत बोले-ईश्वर ने कहा कि जो बेहतर हो, करो

दल-बदल करने के बाद जब वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिगंबर कामत से, गोवा विधानसभा चुनाव से पहले मंदिर एवं गिरजाघर में कांग्रेस उम्मीदवारों द्वारा पार्टी के प्रति लिए गए निष्ठा के संकल्प के बारे में पूछा गया, तब उन्होंने कहा कि यह (दल-बदल) ईश्वर की सहमति से किया गया है। कांग्रेस न छोड़ने के संकल्प के बारे में पूछने पर कामत ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि भाजपा में शामिल होने से पहले वह एक बार फिर मंदिर गये थे। उन्होंने कहा, मैं पुन: मंदिर गया और ईश्वर से पूछा कि क्या किया जाए। ईश्वर ने मुझे कहा कि तुम्हारे लिए जो भी बेहतर हो, करो।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ से ध्यान भटकाने

कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सफलता से भाजपा हताश है। इस यात्रा से ध्यान भटकाने के लिए ऑपरेशन कीचड़’ चलाया गया। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि भाजपा के इन ‘तुच्छ हथकंडों’ से कांग्रेस पार पा लेगी। उन्होंने ट्वीट किया, भारत जोड़ो यात्रा की जो सफलता दिखाई दे रही है उसके कारण गोवा में भाजपा का ‘ऑपरेशन कीचड़’ तेजी से चलाया गया। यात्रा को कमजोर दिखाने के लिए रोजाना ध्यान भटकाने का प्रयास और दुष्प्रचार किया जा रहा है। रमेश ने कहा, हम रुकने वाले नहीं है। हम भाजपा के इन तुच्छ हथकंडों से पार पाएंगे।

0000000000

प्रातिक्रिया दे