- यह एक तरह का प्रोटोकॉल, जिसे बकिंघम पैलेस ने महारानी के निधन के बाद किया लागू
- क्वीन की मौत के दिन को ‘डी-डे’ कहा जाएगा, उसके दसवें दिन होगा अंतिम संस्कार
-शाही ट्रेन से लंदन लाया जाएगा पार्थिव शरीर
लंदन। ब्रिटेन सहित दुनिया भर में क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय को विदाई दी जा रही है। उनके निधन के बाद ब्रिटेन में ‘ऑपरेशन लंदन ब्रिज’ लागू है। यह एक तरह का प्रोटोकॉल है, जो अगले 10 दिन… महारानी के अंतिम संस्कार तक जारी रहेगा। एलिजाबेथ द्वितीय का निधन स्कॉटलैंड स्थित बाल्मोरल कैसल में हुआ था, ऐसे में वहां ऑपरेशन यूनिकॉर्न लागू हो गया है। ऑपरेशन यूनिकॉर्न के तहत स्कॉटलैंड की संसद को सस्पेंड कर दिया गया है। महारानी के शव को पहले शाही ट्रेन से एडिनबर्ग लाया जाएगा। अगले दिन उनके ताबूत को रॉयल माइल से सेंट जाइल्स कैथेड्रल तक ले जाया जाएगा। यहां शाही परिवार के सदस्य और आम जनता उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेगी। इसके बाद उनके शव को फिर से रॉयल ट्रेन में रखकर बकिंघम पैलेस लंदन लाया जाएगा। इसके बाद ऑपरेशन लंदन ब्रिज के तहत बाकी योजनाएं जारी रहेंगी।
दसवें दिन अंतिम संस्कार
ऑपरेशन लंदन ब्रिज के मुताबिक, महारानी की मौत के दिन को ‘डी-डे’ कहा जाएगा। इसके बाद उनके अंतिम संस्कार तक आने वाले हर दिन को डी + 1,डी + 2 ….के रूप में बताया जाएगा। दस दिन तक कई कार्यक्रम होंगे। दसवें दिन यानी डी +10 को महारानी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
–
करेंसी से राष्ट्रगान तक, अब ब्रिटेन में बदल जाएगा बहुत कुछ
इंग्लैंड की करेंसी, पासपोर्ट, मिलिट्री यूनिफॉर्म से लेकर मेमोरेबिलिया यानी स्मृति चिन्ह महारानी के प्रतीकों से भरे पड़े हैं. अब ये चीजें बदली जाएंगी, उन्हें बदलकर किंग के नाम पर किया जाएगा। जैसे-
-यूके में कैश नोट और सिक्कों पर क्वीन का चेहरा होता है। अब उनके निधन के बाद नए राजा के चेहरे के साथ नए कैश नोट और सिक्के लाए जाएंगे।
-ब्रिटिश राष्ट्रगान के लिरिक्स में ही महारानी का जिक्र है, अब इसे बदलकर राजा के नाम पर किया जाएगा ।
-ब्रिटिश पासपोर्ट महारानी के नाम पर जारी किया जाता है। इसमें बदलाव कर अब राजा का वर्जन लिखा जाएगा।
-यूके में कई संस्थाओं के यूनिफॉर्म में महारानी का साइफर या एक तरह का कोड- ईआईआईआर (एलिजाबेथ सेकंड रेजिना) लिखा होता है। , इसे बदलकर नए राजा का साइफर लगाया जाएगा।
- यूके के रॉयल मेल के स्टांप पर क्वीन का साइफर और उनकी इमेज यूज की जाती है। अब नया साइफर व फेस किंग चार्ल्स पर होगा।

