याकूब मेमन की कब्र सौंदर्यीकरण, मचा बवाल

मुंबई। मुंबई में 1993 में हुए धमाकों के दोषी याकूब मेमन की कब्र के रखरखाव कार्य को लेकर एक विवाद खड़ा हो गया है। मुंबई ब्लास्ट के दोषी रहे याकूब मेमन की कब्र को लेकर महाराष्ट्र में सियासी लड़ाई शुरू हो गई है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि उद्धव सरकार के कार्यकाल में कब्र के चारों ओर मार्बल और लाइट्स लगाई गईं। भाजपा नेता राम कदम ने सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें भी जारी की हैं। हालांकि, राम कदम के सवाल उठाए जाने के बाद मुंबई पुलिस ने कब्र से लाइट हटवा दी है। भाजपा ने दावा किया है कि मेमन की कब्र का ‘सौंदर्यीकरण’ किया गया है और उसे एक इबादत गाह में बदलने की कोशिश की जा रही है। इन खबरों के बाद बृहस्पतिवार को हरकत में आई मुंबई पुलिस ने आतंकवादी की कब्र के चारों ओर लगाई गई ‘एलईडी लाइट’ को हटाया। मेमन को 2015 में नागपुर जेल में फांसी दी गई थी और दक्षिण मुंबई के बड़ा कब्रिस्तान में दफनाया गया था। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) स्तर का एक पुलिस अधिकारी जांच करेगा कि कैसे एक आतंकवादी की कब्र पर ‘एलईडी लाइट’ लगा दी गई और संगमरमर की ‘टाइलें’ लगाकर उसे संवारा गया। महाराष्ट्र में भाजपा के कुछ नेताओं ने दावा किया कि जब उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे, तब कब्र को मकबरे में तब्दील कर दिया गया था। वहीं, ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट ने कहा कि पूरा मुद्दा बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी जैसे अधिक महत्वपूर्ण मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने का एक प्रयास है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शब-ए-बारात के मौके पर बड़ा कब्रिस्तान में ‘हलोजन लाइट’ लगाई गई थीं और कब्रिस्तान के न्यासियों ने उसे हटा दिया है। मेमन की कब्र के आसपास संगमरमर की ‘टाइल’ करीब तीन साल पहले लगाई गई थीं। उन्होंने कहा कि वहां 13 अन्य कब्र भी हैं।

भाजपा बोली-माफी मांगे

भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि ठाकरे को 250 लोगों की हत्या के लिए जिम्मेदार व्यक्ति की कब्र का सौंदर्यीकरण करने की कोशिश के लिए मुंबई और महाराष्ट्र के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा के एक अन्य स्थानीय नेता ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार और कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को भी मामले पर माफी मांगनी चाहिए।

कांग्रेस बोली- भाजपा ने याकूब का शव परिवार को क्यों दिया?

याकूब के कब्र पर जारी विवाद के बीच कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे ने कहा कि फांसी देने के बाद आतंकियों के शव को उसके परिवार को नहीं दिया जाता है। 2015 में भाजपा सरकार ने याकूब के शव को उसके परिवार को सौंप दिया। भाजपा इस पर अब पॉलिटिक्स कर रही है।

प्रातिक्रिया दे