राहुल ने शुरू की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा, सोनिया बोलीं-संगठन के लिए संजीवनी


—भूपेश बघेल, स्टालिन और गहलाेत ने राहुल को सौंपा तिरंगा

–कांग्रेस ने कहा-यह यात्रा भारतीय राजनीति का ‘टर्निंग प्वाइंट’


कन्याकुमारी/नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आगाज बुधवार को राहुल गांधी ने कर दिया। कन्याकुमारी में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हरी झंडी दिखाई। 3,500 किलोमीटर की इस यात्रा को कांग्रेस पार्टी में जान फूंकने की कवायद के तौर पर भी देखा जा रहा है। सोनिया गांधी भी इसे लेकर खासी उत्साहित हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि मुझे उम्मीद कि यह हमारे संगठन के लिए संजीवनी का काम करेगा। यात्रा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए।


कांग्रेस ने अपनी ‘भारत जोड़ो’ यात्रा आरंभ होने से पहले बुधवार को कहा कि यह यात्रा भारतीय राजनीति में एक ‘टर्निंग प्वाइंट’ है और आखिरकार घृणा पर प्रेम की विजय होगी। औपचारिक शुरुआत के लिए आयोजित रैली में, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने यात्रा के वास्ते कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल चलने के लिए सहमत होने के लिए गांधी को धन्यवाद दिया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते हुए कहा कि ये संगठन भारत की संस्थाओं पर आक्रमण कर रहे हैं। उन्होंने कन्याकुमारी के तट पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह दावा भी किया कि देश बड़े आर्थिक संकट से घिरा है और त्रासदी की तरफ बढ़ गया है। आज शाम ‘भारत जोड़ो’ यात्रा की औपचारिक शुरुआत हुई। राहुल गांधी और 117 अन्य ‘भारत यात्री’ बृहस्पतिवार को विधिवत पैदल मार्च की शुरुआत करेंगे। इस मौके पर राहुल ने कहा, ऐसा क्यों है कि आजादी के इतनो वर्षों बाद भारत जोड़ो यात्रा की जरूरत को महसूस किया गया। आज करोड़ों लोग महसूस करते है कि भारत को एकजुट करने के लिए कदम उठाने की जरूरत है। राहुल ने तिरंगे का उल्लेख करते हुए कहा, यह तिरंगा कोई उपहार नहीं है, बल्कि भारत की जनता ने हासिल किया है। यह तिरंगा हर भारतीय, हर धर्म के लोगों, हर व्यक्ति की भाषा और हर राज्य का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि यह ध्वज हर समुदाय, हर वर्ग और हर धर्म का है।

राहुल गांधी ने कहा, इस ध्वज के साथ एक-एक भारतीय की पहचान जुड़ी है। यह ध्वज हर व्यक्ति को सुरक्षा, जीवन जीने के अधिकार और आस्था के अधिकार की गारंटी देता है। उन्होंने आरोप लगाया, आज भाजपा और आरएसएस हर संस्था पर आक्रमण कर रहे हैं। उनका मानना है कि वे अकेले इस देश और प्रदेशों के भविष्य को संभाल सकते है। वे सोचते है कि वो ईडी और सीबीआई से विपक्ष को दबा सकते है। राहुल ने कहा कि विपक्ष के नेता डरने वाले नहीं है। उन्होंने भाजपा की सोच को देश के लिए विभाजनकारी करार दिया लेकिन कहा कि यह देश नही बंटेगा और एकजुट रहेगा। उन्होंने दावा किया कि भारत बहुत बड़े आर्थिक संकट से घिरा है और त्रासदी की तरफ बढ़ रहा है।

राजीव के स्मारक पर श्रद्धांजलि

राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू करने से पहले श्रीपेरंबदूर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के स्मारक पर एक प्रार्थना सभा में शामिल हुए। यहीं पर तीन दशक पहले एक आतंकवादी हमले में राजीव गांधी की मृत्यु हो गई थी। पदयात्रा 11 सितंबर को केरल पहुंचेगी और अगले 18 दिनों तक राज्य से होते हुए 30 सितंबर को कर्नाटक पहुंचेगी। यात्रा कर्नाटक में 21 दिनों तक रहेगी और उसके बाद उत्तर की तरफ अन्य राज्यों में जाएगी।

राजनीति के लिए परिवर्तनकारी क्षण : सोनिया

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा भारतीय राजनीति के लिए परिवर्तनकारी क्षण है। यह पार्टी के संगठन के लिए संजीवनी का काम करेगी। उन्होंने इस यात्रा की शुरुआत के मौके पर भेजे अपने संदेश में यह भी कहा कि उनकी पूरी भावना इस यात्रा के साथ है। सोनिया गांधी ने कहा, यह गौरवशाली विरासत वाली हमारी महान पार्टी के लिए ऐतिहासिक अवसर है। मुझे उम्मीद कि यह हमारे संगठन के लिए संजीवनी का काम करेगा। उन्होंने कहा, यह यात्रा भारतीय राजनीति के लिए परिवर्तनकारी क्षण है। गौरतलब है कि सोनिया गांधी चिकित्सीय जांच के लिए विदेश में हैं। हाल ही में उनकी मां का निधन हुआ है।

बघेल बोले-सबसे बड़े राजनीतिक आंदोलन की शुरुआत

कांग्रेस पार्टी ने कहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा तिरंगा सौंपना आजादी के बाद से भारत में सबसे बड़े राजनीतिक आंदोलन की शुरुआत का प्रतीक है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि जिन्होंने अंग्रेजों का समर्थन किया, वे अब देश में जहर फैला रहे हैं। पार्टी ने कहा कि जब 139 करोड़ भारतीय एक उद्देश्य के लिए एकसाथ आते हैं, तो दुनिया की कोई भी ताकत उन्हें अपना हक हासिल करने से नहीं रोक सकती है।

यात्रा दूसरा स्वतंत्रता संग्राम : चिदंबरम

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा कि ‘भारत जोड़ो’ यात्रा देश का दूसरा स्वतंत्रता संग्राम है। विभाजनकारी ताकतों को पराजित करने तक यह जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस दूसरे स्वतंत्रता संग्राम में भाजपा की कोई भूमिका नहीं होगी और इस संग्राम के चलते यह पार्टी नष्ट हो जाएगी। उन्होंने कहा, मैं हमारी ‘भारत जोड़ो’ यात्रा की आलोचना करने वालों से कहना चाहता हूं कि भारत के उस स्वतंत्रता संग्राम में आपकी कोई भूमिका नहीं थी, जब महात्मा गांधी ने ‘करो या मरो’ का नारा दिया था। अब भी आपकी इसमें कोई भूमिका नहीं होगी और हमारी यात्रा तब तक समाप्त नहीं होगी जब तक कि विभाजनकारी ताकतें पराजित नहीं हो जातीं।

इन राज्यों से गुजरेगी यात्रा

भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, यूपी, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब होते हुए केंद्र शासित प्रदेश कश्मीर तक जाएगी। राहुल की यह यात्रा करीब 3570 किमी है। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस 372 लोकसभा सीटों पर फोकस कर रही है।

==

भाजपा बोली- ‘परिवार’ को बचाने का अभियान

भाजपा ने बुधवार को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को उसका छलावा करार दिया। भाजपा ने दावा किया कि यह प्रमुख रूप से परिवार को बचाने का अभियान है ताकि देश की सबसे पुरानी पार्टी पर नियंत्रण बरकरार रहे। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यहां संवादाताओं को संबोधित करते हुए यह दावा भी किया कि यात्रा के जरिए अपने पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को नेता के रूप में स्थापित करने का कांग्रेस का यह एक और प्रयास है। प्रसाद ने यह कहते हुए राहुल गांधी पर तंज भी कसा कि जो व्यक्ति अपनी पार्टी को नहीं जोड़ सका, जो अक्सर विदेश चला जाता है और जिसे अध्यक्ष बनाए जाने के लिए कांग्रेस में एक ‘दरबारी गायन’ होता है, वह भारत जोड़ो यात्रा पर निकला है। उन्होंने कहा, यह परिवार को बचाने की यात्रा है, ताकि परिवार का पार्टी पर नियंत्रण बना रहे।

00000

प्रातिक्रिया दे