- देश के शीर्ष चार मंत्री पदों में से तीन पर गैर-ब्रिटिश नियुक्त
ब्रिटेन में लिज ट्रस ने नए प्रधानमंत्री के तौर पर सत्ता की बागडोर संभालने के बाद बुधवार को अपने कैबिनेट की घोषणा कर दी है। ब्रिटेन के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि देश के शीर्ष मंत्री पदों (चार में से तीन पद) पर गैर ब्रिटिश मूल के लोगों को नियुक्त किया गया है। नई ट्रस कैबिनेट में एक ही भारतीय मूल के शख्स को जगह दी गई है, जो सुएला ब्रेवरमैन हैं। बेन वॉलेस को रक्षा मंत्री के रूप में बरकरार रखा है। क्वासी क्वार्टेंग पहले अश्वेत वित्त मंत्री व जेम्स क्लेवर्ली पहले अश्वेत विदेश मंत्री बने हैं। क्वासी के माता-पिता 1960 के दशक में घाना से ब्रिटेन आए थे। क्लेवर्ली की मां अफ्रीकी देश सिएरा लियोन से हैं जबकि उनके पिता श्वेत हैं।
इसी तरह भारतवंशी सुएला गृह मंत्री बनाई गई हैं। उनके माता-पिता छह दशक पहले ब्रिटेन आकर बस गए थे। उन्होंने कैबिनेट में प्रीति पटेल की जगह गृह मंत्री का पद संभाला है। शुरुआत से ही अटकलें लगाई जा रही थीं कि लिज ट्रस के चुनाव जीतने पर वह पटेल की जगह ब्रेवरमैन को गृह मंत्री नियुक्त करेंगी।
ब्रिटेन में पहली बार 2002 में अश्वेत शख्स कैबिनेट मंत्री बना
कुछ दशकों पहले तक ब्रिटेन की सरकारों में शीर्ष पदों पर अधिकतर श्वेत लोग ही काबिज होते थे। ब्रिटेन में 2002 में पॉल बोटेंग पहले अल्पसंख्यक मंत्री बने थे। बता दें कि सोमवार को लिज भारतीय मूल के ऋषि सुनक को हराकर ब्रिटेन की 56वीं और देश की तीसरी महिला प्रधानमंत्री बनीं। इससे पहले मार्गरेट थैचर और थेरेसा मे प्रधानमंत्री पद संभाल चुकी हैं। ये दोनों महिला प्रधानमंत्री भी कंजर्वेटिव पार्टी से ही थीं।
00

