बिपरजॉय का बढ़ता जा रहा खतरा : ऑयल रिग से 50 कर्मचारियों को निकाला गया

–गुजरात-मुंबई के तटीय इलाकों में बारिश, सात की मौत

इंट्रो

चक्रवात ‘बिपरजॉय’ गुजरात की ओर तेजी से बढ़ रहा है। ये तूफान 15 जून को कच्छ जिले के जखाऊ पोर्ट से टकराने वाला है। विभिन्न तटवर्ती जिलों से अब तक 21,000 लोगों को अस्थायी आश्रय स्थलों में स्थानांतरित किया है। तूफान के चलते गुजरात और मुंबई के तटीय इलाकों में आंधी-बारिश का दौर जारी है, जिसमें 7 लोगों की मौत की खबर है।

मुंबई/जखाऊ। चक्रवात ‘बिपरजॉय’ के एक ‘बेहद गंभीर चक्रवात’ के रूप में 15 जून की शाम को जखाऊ बंदरगाह के पास सौराष्ट्र तथा कच्छ के तटों को पार करने की संभावना है। इस दौरान 125-135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर अधिकतम 150 किलोमीटर प्रति घंटे की गति तक हवाएं चलने के आसार हैं।

आईएमडी के प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, इससे संभवत: काफी अधिक नुकसान हो सकता है। आईएमडी के अनुसार, गुजरात में कच्छ, देवभूमि द्वारका, जामनगर जिलों में 15 जून को 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश हो सकती है। महापात्र ने कहा, आमतौर पर इन इलाकों में इतनी अधिक बारिश नहीं होती। इसलिए इससे निचले इलाकों में बाढ़ आने की आशंका है। आईएमडी के अनुसार, पोरबंदर, राजकोट, मोरबी और जूनागढ़ में भारी से अधिक भारी बारिश होने के आसार हैं। इन जिलों में 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। महापात्र ने कहा, सौराष्ट्र, कच्छ के निचले तटवर्ती इलाकों में तीन से छह मीटर ऊंची ज्वारीय लहरें आ सकती हैं। ऐसे क्षेत्रों से लोगों को निकालने के लिए कदम उठाने और अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने का सुझाव दिया गया है। राज्य राहत आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने कहा, हमने उन तटवर्ती इलाकों के निकट रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पहले ही शुरू कर दिया है, जिनके चक्रवात से सबसे अधिक प्रभावित होने की आशंका है। अभी तक विभिन्न जिला प्रशासनों ने करीब 21,000 लोगो को अस्थायी आश्रयस्थलों पर पहुंचाया गया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की प्रक्रिया अभी जारी है और लक्षित आबादी को आज शाम तक सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया जाएगा। उन्होंने गांधीनगर में संवाददाताओं से कहा कि 21,000 लोगों में से कच्छ जिले से करीब 6,500, देवभूमि द्वारका से 5,000, राजकोट से 4,000, मोरबी से 2,000, जामनगर से 1,500 से अधिक, पोरबंदर से 550 और जूनागढ़ जिले से 500 लोगों को निकाला गया। पांडे ने कहा कि चक्रवात से जुड़ी एक घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सोमवार को राजकोट जिले के जसदण तालुका में तेज हवाओं के कारण राज्य राजमार्ग पर एक मोटरसाइकिल पर पेड़ गिरने से वर्षा बावलिया नाम की एक महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया। आईएमडी ने सोशल मीडिया पर कहा, वीएससीएस (बहुत प्रचंड चक्रवाती तूफान) बिपारजॉय 13 जून, 2023 को भारतीय समयानुसार देर रात ढाई बजे (सोमवार को आधी रात के बाद) पूर्वोत्तर और आस-पास के पूर्वी मध्य अरब सागर में पोरबंदर से लगभग 290 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम और जखाऊ बंदरगाह से 360 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में केंद्रित था। यह 15 जून की शाम तक वीएससीएस के रूप में जखाऊ बंदरगाह के पास सौराष्ट्र और कच्छ से गुजरेगा। इस बीच, भारतीय तट रक्षकों (आईसीजी) ने चक्रवात ‘बिपारजॉय’ के असर से खराब मौसम के बीच रातभर चले अभियान के तहत गुजरात में द्वारका तट से 40 किलोमीटर दूर तेल निकालने के लिए समुद्र पर बनाए गए प्लेटफॉर्म (ऑयल रिग) से 50 कर्मचारियों को निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

द्वारका से 290 किमी दूर बिपरजॉय

मौसम विभाग के मुताबिक ‘बिपरजॉय’ 8 किमी/घंटे की रफ्तार से नॉर्थ-वेस्ट में आगे बढ़ रहा है। यह चक्रवात मंगलवार सुबह 5:30 बजे पोरबंदर से 300 किमी, द्वारका से 290 किमी, जखौ पोर्ट से 340 किमी, नालिया से 350 किमी दूर था। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात के 14 जून की सुबह तक उत्तर की ओर बढ़ने का अनुमान है, जिसके बाद ये मुड़कर नॉर्थ-नॉर्थ ईस्ट दिशा में आगे बढ़ेगा।

ऐसा अलर्ट

हवा की स्पीड 150किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

पेड़, टेलीफोन और बिजली के खंभे गिर सकते हैं।

कच्छ, द्वारका, पोरबंदर, राजकोट में भारी बारिश की चेतावनी

तूफान के चलते निचले इलाकों में बाढ़ आने का अनुमान है।

मछुआरों को 16 जून तक समुद्र में ना जाने को कहा गया है।

67 ट्रेन रद्द, 25 ट्रेन दूसरे स्टेशनों से चलेंगीं

बिपरजॉय के चलते पश्चिम रेलवे ने चक्रवात संभावित क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर 67 ट्रेन को पूरी तरह से रद्द करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही सौराष्ट्र के ओखा, पोरबंदर और जामनगर से चलने वाली 25 ट्रेन अब राजकोट, सुरेंद्रनगर और अहमदाबाद से चलेंगीं।

समुद्र में डूबे चार के शव मिले

गुजरात और महाराष्ट्र में हुई पांच मौतों में 2 बच्चे भी शामिल हैं, ये बच्चे भुज के हैं। इन पर दीवार गिर गई थी। राजकोट में एक महिला पर पेड़ गिर गया। वहीं, मुंबई के जुहू बीच पर घूमने गए पांच में से चार लड़के समुद्र में डूब गए थे। मंगलवार को इनके शव बरामद हुए।

शाह ने ली बैठक, आपदा प्रबंधन के लिए दिए 8000 करोड़

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को 8,000 करोड़ रुपए से अधिक की तीन बड़ी योजनाओं की घोषणा की, जिनके तहत सभी राज्यों में अग्निशमन सेवाओं का आधुनिकीकरण, सात बड़े शहरों में बाढ़ की आशंकाओं को कम करने और 17 राज्यों में भूस्खलन रोकने का काम किया जाएगा। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के आपदा प्रबंधन मंत्रियों की बैठक को संबोधित करते हुए शाह ने यह सुनिश्चित करने की भी अपील की कि देश में कहीं भी आपदा से एक भी जान नहीं जानी चाहिए। उन्होंने कहा, राज्यों में अग्निशमन सेवा के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए 5,000 करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी। शहरों में बाढ़ के खतरे को कम करने के लिए सर्वाधिक जनसंख्या वाले सात महानगरों – मुंबई, चेन्नई, कोलकाता बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद और पुणे के लिए 2,500 करोड़ रुपये दिये जाएंगे।

00

प्रातिक्रिया दे